- Hindi News
- National
- प्रदेश में दो करोड़ असंगठित कामगार, पंजीबद्ध को 200 रु. महीने की दर से मिलेगी बिजली
प्रदेश में दो करोड़ असंगठित कामगार, पंजीबद्ध को 200 रु. महीने की दर से मिलेगी बिजली
प्रदेश में सात करोड़ में से दो करोड़ असंगठित कामगार हैं। इनका पंजीयन किया जा रहा है। पंजीकृत कामगारों को 200 रु. महीने के फ्लैट रेट पर बिजली मिलेगी। 5 लाख रु. तक का इलाज मुफ्त होगा। बच्चों की पढ़ाई की फीस सरकार भरेगी।
केंद्र और राज्य सरकार अब असंगठित कामगारों को संगठित कर रही है। इसके लिए 20 अप्रैल तक पंजीयन प्रक्रिया होगी। पंजीयन के बाद इन्हें सरकार की योजनाओं के फायदे मिलेंगे। भाजपा ने इन असंगठित क्षेत्र के कामगारों को एकजुट करने की तैयारी की है। इसके लिए असंगठित कामगार युवा कल्याण समिति का गठन किया गया है। रविवार को महाकालेश्वर मंदिर के समीप स्थित माधव सेवा न्यास के भक्त निवास में शहर के दो हजार से ज्यादा असंगठित कामगारों की बैठक बुलाई गई। प्रदेश संयोजक धनंजय शर्मा के अनुसार 110 तरह के काम करने वाले इन लोगों को महापुरुषों के नाम पर बनाई जाने वाली 100 समितियों में बांटा जाएगा। हरेक समिति संबंधित कामगारों की समस्याओं को दर्ज करेगी तथा उनका निदान कराएगी। इनका पंजीयन करने से राज्य सरकार की योजनाओं का फायदा भी इन्हें मिलने लगेगा। समिति ने दो महीने तक शहर श्मशान से लेकर पान की दुकान और हर तरह के काम करने वालों से संपर्क किया है।
असंगठित यानी जो टैक्स नहीं देते- मालवीय
सांसद डॉ. चिंतामणि मालवीय ने कहा असंगठित का मतलब जो लोग टैक्स के दायरे में नहीं आते, जिनका पीएफ, ईएसआई नहीं होता, जिनके पास 5 बीघा से कम जमीन है। सरकार ने इस तबके का जीवन स्तर सुधारने के लिए पहल की है। इन्हें 200 महीने का बिजली कनेक्शन, पीएम आवास योजना का लाभ, बच्चों की पढ़ाई के लिए फीस, पांच लाख रु. तक का इलाज का बजट प्रावधान किया है। कार्यक्रम में भाजपा संभागीय संगठन मंत्री प्रदीप जोशी, महापौर मीना जोनवाल, विधायक डॉ. मोहन यादव, यूडीए अध्यक्ष जगदीश अग्रवाल, पूर्व मंत्री बाबूलाल जैन सहित अनेक नेता मौजूद थे।
असंगठित कामगारों की बैठक को संबोधित करते कैलाश विजयवर्गीय।