- Hindi News
- National
- महाकाल के दरबार से निकालेंगे परशुराम दर्शन यात्रा, बड़ी संख्या में महिलाएं भी करेंगी भागीदारी
महाकाल के दरबार से निकालेंगे परशुराम दर्शन यात्रा, बड़ी संख्या में महिलाएं भी करेंगी भागीदारी
परशुराम जयंती महोत्सव पर बाबा महाकाल के दरबार से सुबह निकलने वाली परशुराम दर्शन यात्रा वाहन रैली को लेकर ब्राह्मण समाज द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में बैठकें की जा रही हैं। इस बार यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल होंगी। संगठन अध्यक्ष पं. गिरीश पाठक व पार्षद माया त्रिवेदी ने बताया नागझिरी क्षेत्र में परशुराम दर्शन यात्रा को लेकर बैठक हुई। इसमें नागझिरी क्षेत्र के संरक्षक डीपी शर्मा, अध्यक्ष संजय त्रिवेदी, संजय जोशी, विक्की दुबे, परेश कुलकर्णी, प्रदीप शुक्ला, शांतिलाल दुबे, प्रमोद शर्मा, राजेंद्र पाराशर, योगेश शुक्ला, विपिन त्रिपाठी, सतीश पंड्या उपस्थित थे। वहीं सिंहपुरी में महिला मंडल की बैठक हुई, जिसमें सिंहपुरी महिला मंडल का गठन भी किया गया। अभा ब्राह्मण युवा परिषद के तत्वावधान में भगवान परशुराम जयंती की पूर्व संध्या पर 17 अप्रैल को शाम 4.30 बजे महाकाल अन्नक्षेत्र बड़ा गणेश मंदिर से ब्रह्म जागरण यात्रा निकाली जाएगी। पं. विजय दीक्षित ने बताया यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई शहीद पार्क पर पहुंचेगी। यहां मोक्षदायिनी शिप्रा की तर्ज पर भगवान परशुरामजी की महाआरती की जाएगी। इधर श्री परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में सर्व ब्राह्मण मातृशक्ति सेना 17 अप्रैल को दोपहर 3 बजे नानाखेड़ा स्थित भगवान परशुराम मंदिर में पूजा-अर्चन करेगी। युवा ब्राह्मण समाज ने वर्ष 2000 में श्वेत ध्वज का निर्माण कर सभी ब्राह्मणों से इसे अंगीकृत करने का अनुरोध किया था, जिससे ब्राह्मणों की अलग पहचान हो सके। अभा युवा ब्राह्मण समाज अध्यक्ष अर्पित पुजारी द्वारा सर्व ब्राह्मण मातृशक्ति सेना को श्वेत ध्वज सौंपा जाएगा।