इधर अभी तक नहीं हुई आर्किटेक्ट की गिरफ्तारी
भास्कर संवाददाता | उज्जैन
जोन एक की उपयंत्री सौम्या चतुर्वेदी को निजी आर्किटेक्ट खालिद खुर्शीद कुरैशी द्वारा धमकाने के मामले को लेकर शनिवार को कलेक्टर मनीष सिंह ने नगर निगम के अफसरों को जमकर डपटा। बोले कि ऐसे तो कल से आपको कोई डराने-धमकाने आ जाएगा तो क्या करोगे। शर्म आना चाहिए आपको कि अपने ही कर्मचारियों की सुरक्षा नहीं कर सकते। लड़की बहुत ही डरी-सहमी थी, मुझे उसे कन्वेंस करना पड़ा। वे बोले कि निगम में और भी नए व युवा उपयंत्री हैं, उनके व अन्य किसी के साथ भी यदि ऐसी कोई घटना हुई तो सभी को उल्टा टांग दूंगा। उन्होंने यह चेतावनी भी दी कि ऐसे किसी मामले में सामने वालों से किसी निगम के अफसर की मिलीभगत व निजी स्वार्थ कड़ी का पता चला तो उसकी खैर नहीं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि आर्किटेक्ट ने दोबारा लड़की को धमकाने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ रासुका की कार्रवाई करेंगे।
इधर कलेक्टर को पता चला है कि मामले से जुड़े आर्किटेक्ट की मिलीभगत कॉलोनी सेल के एक अधिकारी के साथ थी। इससे उसे बल मिल रहा था और वह उपयंत्री पर दबाव बनाता रहा। होना यह चाहिए था कि अफसर को उसे ऐसा करने से रोकता। कलेक्टर ने संबंधित अफसर की भी जमकर लूं उतारी है। चेतावनी दी है कि भविष्य में उनकी ऐसी गड़बड़ी पाई जाएगी तो वे नौकरी करने लायक नहीं रहेंगे। गौरतलब है तीन दिन पूर्व नक्शा पास करवाने के लिए आर्किटेक्ट कुरैशी ने उपयंत्री सौम्या को डराया-धमकाया था। कलेक्टर के निर्देश पर उसके खिलाफ जीवाजीगंज थाने में प्रकरण दर्ज है। टीआई ओपी मिश्रा ने बताया कि फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई हैं।