पानी की परेशानी : रहवासियों ने महापौर, विधायक को बताई समस्या
भास्कर संवाददाता | उज्जैन
एलपी भार्गवनगर, विद्यापतिनगर और आजादनगर में एक महीने से अाधा घंटा पानी मिल रहा है। वह भी मटमैला। तीन कॉलाेनियों के 67 लोगों ने महापौर मीना जोनवाल, विधायक डॉ. मोहन यादव और पार्षद हेमलता कुवाल से निराकरण की मांग की। इसमें चेताया कि जल्द साफ पानी नहीं मिला तो यह माना जाएगा कि आपको टैक्स वसूलने से ही मतलब है।
विद्यापतिनगर के ओमप्रकाश सोलंकी, भार्गवनगर के बाबूलाल जैन के अनुसार पार्षद कुवाल से शिकायत की। उन्होंने आश्वासन तो दिया लेकिन सुधार नहीं किया। एक महीने से नाले के पानी की तरह सप्लाय हो रहा है। पार्षद सहयोग के लिए कहती हैं लेकिन पीएचई के इंजीनियर कहते हैं शुरुआत के आधा घंटे का पानी फेंक दो। बाद में अच्छा पानी आ जाएगा। इस पर लोगों ने कहा क्षेत्र में केवल आधा घंटा ही तो पानी की सप्लाई हो रही है।
पानी के साथ कीचड़ आने से नलों की टोटियां जाम हो गई हैं। मोटर जलने लगी हैं। पार्षद का कहना है कि पीएचई के अफसरों से चर्चा की है। तीन-चार दिन में समस्या का हल हो जाएगा।