आज की शिक्षा युवाओं को भ्रमित कर रही है। पाठ्यक्रम में भारतीय महापुरुषों के विषय में गलत जानकारी देकर आैर इतिहास को तोड़-मरोड़कर समाज के सामने रखा जा रहा है। इसे रोकने के लिए शिक्षकों को समाज में सही जानकारी देकर उसे जागृत करना चाहिए।
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के संगठन मंत्री महेंद्र कपूर ने मप्र शिक्षक संघ के प्रांतीय अभ्यास वर्ग के शुभारंभ पर शनिवार को यह बात कही। उन्होंने कहा ऐसे बाहरी देश, जिनका कोई सामाजिक चिंतन नहीं है आैर कोई आदर्श नहीं है, वह भारत को दिशा देना चाह रहे हैं। इनसे सावधान होकर गुरुकुल व्यवस्था को सशक्त करना चाहिए। शिक्षक संघ अभ्यास वर्ग के संयोजक बाबूलाल बैरागी ने बताया लोकमान्य तिलक शिक्षा परिसर में मप्र शिक्षक संघ का तीन दिवसीय प्रांतीय अभ्यास वर्ग 18 से 20 मई तक आयोजित किया जा रहा है। जिसमें प्रदेश के सभी जिलों से 300 शिक्षक एवं शिक्षाविद् प्रतिभागिता कर रहे हैं। इसमें राष्ट्र की शिक्षा नीति, शिक्षकों का दायित्व आैर विद्यार्थियों के विकास पर चिंतन किया जा रहा है। कार्यक्रम में शिक्षक संघ के प्रांतीय पदाधिकारी लच्छीराम इंगले, क्षत्रवीर सिंह राठौर, गौतम अग्निहोत्री, राष्ट्रीय पदाधिकारी किशनलाल नाकड़ा, संजय राउत, विजय सिंह आदि उपस्थित थे।