पिस्टल दिखाकर ड्राइवर से 20 हजार लूटने का प्रयास करने वाले आरोपियों को नागझिरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बदमाश ने नेहरू नगर के रहने वाले ड्राइवर को धमकाकर रुपए मांगे थे। आरोपी ने खुद को एसपी स्कवाड का बताकर डराया और रुपए नहीं देने पर उसे कार में बैठाकर ले जा रहे थे।
पुलिस ने बताया जालम सिंह कार ड्राइवर है। वह रात 11 बजे काम से वापस अपने घर जा रहा था। इसी दौरान कार से राज उर्फ मलखान सिंह परिहार और विकास पटेल आए। राज ने जालम से कहा कि वह एसपी स्क्वाड के लिए काम करता है, तू गांजा बेचने का काम करता है। यदि खुद को बचाना चाहता है तो 20 हजार रुपए दे वरना तेरे खिलाफ कार्रवाई करवा दूंगा। जालम ने मना किया तो उसने कार में बैठाने का प्रयास किया। चिल्लाने की आवाज से क्षेत्र के लोग एकत्रित हो गए। इसी दौरान डायल-100 भी पहुंची और हेड कांस्टेबल हीरामणि पांडेय ने जाॅनी और नवीन की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस मामले में जांच कर रही है।