नगर निगम के पीपलीनाका स्थित जोन क्र. 1 में गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। एक आर्किटेक्ट ने महिला उपयंत्री पर नक्शा पास करने का दबाव बनाया। उपयंत्री ने इनकार किया तो जोन कार्यालय में अफसरों-कर्मचारियों के सामने अभद्रता की। इससे आहत उपयंत्री कार्यालय में अफसर-कर्मचारियों के बीच रो दी। उन्होंने शिकायत निगम आयुक्त और जोन प्रभारी सेे की है। जोन क्र. 1 में सौम्या चतुर्वेदी ढाई महीने पहले बतौर उपयंत्री पदस्थ हुई थी। तब से नगर निवेश शाखा में कार्यरत हैं। निगम आयुक्त को लिखे पत्र में उन्होंने कहा-गुरुवार दोपहर 12.33 बजे खालिद कुरैशी आर्किटेक्ट मेरे कक्ष में आए और मेरे साथ दुर्व्यवहार करते हुए अपशब्द कहने लगे। मेरे बार-बार समझाने के बाद भी वह मेरे कक्ष से बाहर नहीं गए। मुझे धमकाने लगे कि यदि तुमने मेरे द्वारा प्रस्तुत किए नक्शे पास नहीं किए तो मैं तुम्हें देख लूंगा। उन्होंने पहले भी मेरे साथ दुर्व्यवहार किया था। जानकारी मैंने अधीक्षण यंत्री हंसकुमार जैन, प्रभारी अधिकारी कॉलाेनी सेल अरूण जैन और जोनल अधिकारी मनोज राजवानी को दी थी। फाइल नं. 0441 को पास करने को लेकर आर्किटेक्ट मुझ पर अनावश्यक दबाव बना रहे हैं। देर रात मुझे फोन पर भी धमका रहे हैं। 6 मई शाम 6 बजे वे इंदिरानगर स्थित मेरे निवास पर भी आए थे। उस दौरान भी उन्होंने मुझे धमकाया था। मामले में जोनल अधिकारी मनोज राजवानी ने एफआईआर के लिए निगमायुक्त को पत्र लिखा है लेकिन रात तक एफआईआर नहीं कराई जा सकी।