होटल प्रिंस के कमरे में सट्टा लगाते गिरफ्तार आरोपी।
सात मोबाइल और 40 हजार रु. नकद बरामद
उज्जैन | कोट मोहल्ला स्थित होटल प्रिंस के कमरे में क्रिकेट का सट्टा लगाने वाले सात लोगों को साइबर सेल ने शुक्रवार रात 12 बजे गिरफ्तार कर लिया। सात मोबाइल और 40 हजार रु. नकद बरामद किए हैं।
साइबर सेल को दो दिन से कोटमोहल्ला क्षेत्र में क्रिकेट का सट्टा चलने की खबर थी। मुखबिर लगाने पर शुक्रवार को पता चला होटल प्रिंस में सात दिन से सात लोग ठहरे हैं। इसके बाद साइबर पुलिस ने पड़ताल की और रात 12 बजे छापा मारकर होटल के कमरे से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के नाम सिंहपुरी निवासी करण व्यास, कार्तिक चौक निवासी परिश्रम सिंह व शुभम, कोट मोहल्ला निवासी जाकीर बेग, जयसिंहपुरा निवासी योगेश, राजस्थान के टाकरापाक निवासी राकेश सीताराम व हरीश मालन हैं। साइबर सेल प्रभारी दीपिका शिंदे की टीम ने आरोपियों को महाकाल थाना पहुंचा कर पूछताछ शुरू की है। मौके पर से सट्टे से संबंधित रजिस्टर और अन्य सामग्री नहीं मिली।