शिप्रा तट स्थित रामघाट पर 15 दिवसीय गंगा दशहरा महोत्सव की शुरुआत बुधवार को गंगा प्रतिमा की स्थापना एवं कथा से हुई। 16 मई सुबह 8 बजे भागसीपुरा से औदिच्य ब्राह्मण समाज का जुलूस निकला। इसमें मां शिप्रा की प्रतिमा को आकर्षक रूप से सजाया गया। रामघाट पर बुधवार सुबह 21 पंडितों द्वारा शिप्रा का पूजन-अभिषेक किया गया। सुबह मुहूर्त में गंगा मां की प्रतिमा विराजित की गई। आयोजन में पं. सोहन भट्ट, रामेश्वर पंड्या, श्याम भट्ट, संतोष पंड्या, महेश पंड्या, ऋषि पंड्या, भरत पंड्या, विनोद पंड्या, मुकेश पंड्या, मीतेश पांडे आदि उपस्थित थे। पं. अनिल पंड्या ने बताया उत्सव के दौरान रोज मां का शृंगार किया जाएगा। 29 मई पूर्णिमा को उत्सव के समापन पर मां की आरती के बाद चल समारोह निकाला जाएगा। यह जुलूस रामघाट से होकर नगर के प्रमुख मार्ग से होते हुए भागसीपुरा पहुंचेगा। समारोह में समाजजन सहित श्रद्धालुओं से उत्सव में आकर धर्म लाभ लेने का अनुरोध किया है।