शिक्षकों आैर शिक्षा विभाग से संबंधित कर्मचारियों की समस्याओं के निवारण के लिए शुक्रवार को परिवेदना निवारण शिविर लगाया गया। उज्जैन विकासखंड का शिविर शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय माधवनगर में लगा। शासकीय माध्यमिक स्कूल माधवगंज के प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार तिवारी ने बताया 8 वर्ष की उनकी वरिष्ठता को काउंट ही नहीं किया गया। जिसके कारण वह आज भी उच्च श्रेणी शिक्षक ही हैं। जबकि उनसे दो-दो साल जूनियर भी अब प्राचार्य हो चुके हैं। दोपहर 2 बजे तक 18 शिकायतों के ही आवेदन आए लेकिन शाम 4 बजे बाद शिक्षकों आैर कर्मचारियों की भीड़ बढ़ गई। शिविर के दौरान लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल की उपसंचालक रेखा पटेल एवं राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान (आरएमएसए) के एडीपीसी गिरीश तिवारी ने उज्जैन व घट्टिया के शिविर का अवलोकन किया। एडीपीसी तिवारी ने बताया जिले में कुल 442 समस्याओं के आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिसमें से 337 की एक्सेस शीट में एंट्री भी कर दी गई है।
उत्कृष्ट विद्यालय में लगाए शिविर में समस्या का आवेदन देते उच्च श्रेणी शिक्षक।
संकुल प्राचार्यों ने भी दिए आवेदन
पूर्व जिला परियोजना समन्वयक एवं शासकीय उमावि जीवाजीगंज के प्राचार्य देवेंद्र कुमार आर्य ने पदक्रम सूची में शैक्षणिक योग्यता संशोधन के लिए आवेदन दिया। पदक्रम सूची जारी हुई, उसमें उनकी शैक्षणिक योग्यता बी.एड. दर्ज है जबकि वह एम.एड. हैं। इसी तरह संकुल प्राचार्य एवं शासकीय उमावि दौलतगंज के प्राचार्य केके पोरवाल ने भी द्वितीय समयमान वेतनमान प्रदान करने के लिए आवेदन किया। पोरवाल ने बताया उन्हें 1 जनवरी 2006 से द्वितीय समयमान वेतनमान मिलना चाहिए लेकिन अब तक इसका लाभ नहीं मिल पा रहा।
किस समस्या के कितने आए आवेदन : क्रमोन्नति आैर समयमान वेतनमान के 45, एरियर आैर बिल भुगतान के 26, चिकित्सा देयक, अर्जित अवकाश, सेवा पुस्तिका, निलंबन एवं अन्य 23, दिनभर में कुल 94 शिकायतों के आवेदन शिविर में प्राप्त हुए।