24 को मंदसौर में सीएम के कार्यक्रम के लिए अधिगृहीत करना है 250 बसें
भास्कर संवाददाता | उज्जैन
उज्जैन संभाग की बसें 21 मई से बंद रहेगी। मप्र बस ऑनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इस संबंध में शुक्रवार को आरटीओ संतोष मालवीय को सूचना पत्र दिया है। जिसमें लिखा कि वे 40 फीसदी किराया वृद्धि की मांग कर रहे हैं। ये बढ़ोत्तरी नहीं होने के विरोध में वे हड़ताल करने जा रहे हैं।
इससे पूर्व मप्र में केवल इंदौर संभाग के बस संचालकों ने 21 मई से बसें बंद कर हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया था। लेकिन अब इनके समर्थन में उज्जैन संभाग के बस संचालक भी हड़ताल में शामिल हो रहे हैं। यदि बसें बंद होती हैं तो यात्रियों की मुसीबतें बढ़ जाएंगी। इधर बस संचालकों की इस चेतावनी के बाद आरटीओ के सामने पशोपेश की स्थिति बन गई हैं। क्योंकि 24 मई को मंदसौर में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम हैं। इस कार्यक्रम के लिए उज्जैन से 250 बसें अधिगृहीत की जाना हैं। आरटीओ बोले कि यदि हड़ताल हुई और बसें बंद रही तो वे कुछ नहीं कर पाएंगे। वस्तुस्थिति से शासन को अवगत करवा रहे हैं। आरटीओ को हड़ताल के संबंध में दिए गए गए सूचना पत्र में आजाद यादव, हेमंत जैन, नाजिम अंसारी, साबिर मोहम्मद, ओमप्रकाश, शकील अहमद, अमित भाटी, डीएस यादव, शैलेंद्र यादव सहित करीब 25 बस संचालकों के हस्ताक्षर हैं।