नगर निगम के जोन एक में पदस्थ महिला उपयंत्री पर नक्शा पास करवाने के लिए दबाव बनाने व धमकाने वाले निजी आर्किटेक्ट के खिलाफ शुक्रवार को कलेक्टर के निर्देश पर प्रकरण दर्ज हुआ।
जीवाजीगंज थाने के टीआई ओपी मिश्रा ने बताया कि इंदिरा नगर निवासी सौम्या पिता एसएन चतुर्वेदी की रिपोर्ट पर निजी आर्किटेक्ट खालिद खुर्शीद कुरैशी के खिलाफ धारा 353,188 व 506 में प्रकरण दर्ज किया है। हालांकि उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई हैं। गौरतलब है कि गुरुवार दोपहर को ये आर्किटेक्ट पीपलीनाका के जाेन एक में पहुंचे थे। इन्होंने यहां सौम्या पर नक्शा पास करने के लिए दबाव बनाया था। नक्शा पास नहीं करने पर देख लेने की धमकी दी थी और दुर्व्यवहार भी किया था। ऐसे में सौम्या जोन में ही रोने लगी थी। इस संबंध में उसने घटनाक्रम की जानकारी अपने अफसरों को पत्र लिखकर दी थी। यह भी लिखा था कि ये आर्किटेक्ट उन्हें फोन कर भी धमकी देते हैं और उनके घर भी पहुंच गए थे। इस मामले में जोनल अधिकारी मनोज राजवानी ने निगमायुक्त को प्रकरण दर्ज करवाने के लिए पत्र लिखा था। बावजूद रात तक प्रकरण दर्ज नहीं हुआ था। इधर शुक्रवार सुबह जैसे ही यह मामला कलेक्टर मनीष सिंह के संज्ञान में आया उन्होंने आर्किटेक्ट के खिलाफ प्रकरण दर्ज करवाने के निर्देश। तब जाकर प्रकरण दर्ज हुआ। कलेक्टर सिंह ने कहा कि नियम विरुद्ध कार्य करने के लिए किसी भी कर्मचारी पर दबाव बनाया जाता है वे इसकी शिकायत निगमायुक्त से कर सकते है।