नगरपालिका उकलाना के सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते पिछले दस दिनों से नगर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ गई थी। जिसके चलते नगरवासियों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही थी। इसी नाराजगी को दूर करने के लिए शनिवार देर रात 9 बजे नगरपालिका के लेखाकार महेंद्र सिंह की अगुवाई में सफाई अभियान शुरू किया गया। लेखाकार ने बताया कि डीसी हिसार व एसडीएम बरवाला के मौखिक आदेश के बाद नगरपालिका उकलाना क्षेत्र में रात को भी सफाई करवाई जा रही है। इस काम के लिए नगरपालिका प्रशासन उकलाना द्वारा ठेकेदार एजेंसी के माध्यम से 15 प्राइवेट सफाई कर्मियों को लगाया गया और नगर में सफाई करवाई गई। क्योंकि पीछले 9-10 दिनों से नगरपालिका सफाई कर्मचारी हड़ताल पर बैठे हुए हैं जिसके चलते नगर में सफाई व्यवस्था चरमरा रही थी। सफाई अभियान के दौरान पुरानी अनाज मंडी व राजकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय सहित कई स्थानों पर सफाई करवाई जा रही थी।
उधर, कविता जैन की निकाली अर्थी यात्रा
उकलाना मंडी | उधर,नगरपालिका कार्यालय उकलाना के बाहर सफाई कर्मियों का अनिश्चितकालीन धरना रात में भी जारी रहा। वहीं कर्मचारी नेता रामअवतार लोहट ने कहा कि सरकार कर्मचारियों का दमन करना चाहती है जिसे कोई कर्मचारी बर्दाश्त नहीं करेगा। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर नगरपालिका उकलाना इकाई के बैनर तले गत 9 मई से सभी सफाई कर्मचारी व अन्य कर्मचारी हड़ताल पर हैं। इस दौरान सभी कर्मचारियों ने शहरी निकाय मंत्री कविता जैन का पुतले की अर्थी यात्रा पूरे शहर में निकाली।