रोडवेज बस से बैंक क्लर्क का बैग चोरी, केस दर्ज
उकलाना मंडी | शनिवार को ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स उकलाना में बतौर क्लर्क के पद पर काम करने वाले एक कर्मचारी का बैग हरियाणा रोडवेज की चलती बस में चोरी हो गया। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार सुखदीप पुत्र रामकुमार फतेहाबाद निवासी ने बताया कि वह शनिवार को अपने घर से एक बैग लेकर जिसमें बैंक के कैश रूम की 6 चाबियां और 1600 की नकदी से भरा हुआ उसका पर्स मौजूद था। वह उस बैग को लेकर हरियाणा रोडवेज की कैथल डिपो की बस में चढ़ा और उस बैग को उसने बस के अंदर लगी हुई जाली स्टैंड पर रख दिया। जब बस उकलाना बस स्टैंड पर पंहुची और इसी दौरान उसने अपना बैग संभाला लेकिन उसे अपना बैग वहां पर नहीं मिला। उसका बैग कोई अज्ञात चोरी कर फरार हो गया। इसके बाद उसने पुलिस को इस चोरी की शिकायत दर्ज कराई जिस पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया और चोर की तलाश शुरू कर दी।