हादसे से युवक की मौत, शाम तक पुलिस नहीं पहुंची तो अटका पीएम, आज होगा
पुलिस की लेटलतीफी के कारण मंगलवार को सड़क हादसे में मृत युवक का पीएम डाॅक्टर नहीं कर सके। जबकि नागदा सरकारी अस्पताल में पीएम के लिए शव आने के बाद डॉक्टर ने उन्हेल पुलिस को सूचना भी दी। बावजूद पंचनामा बनाने पुलिस अस्पताल नहीं पहुंची। जिससे शव रातभर अस्पताल में ही रखना पड़ा। बुधवार काे पीएम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। मामला मंगलवार दोपहर 2.30 बजे ट्रैक्टर से गिरकर रूपाखेड़ी के युवक जितेंद्र पिता दिनेश (21) की मौत का है। परिजनों का कहना है कि जनसेवा से जितेंद्र को मृत घोषित करने के बाद वे पुलिस का इंतजार करते रहे। मगर देर शाम तक पुलिस नहीं पहुंची। जबकि बीएमआे डॉ. संजीव कुमरावत ने बताया शव आने के बाद उन्होंने उन्हेल पुलिस को सूचना दे दी थी। बावजूद पुलिस नहीं पहुंची।
मृतक जितेंद्र
दुर्घटना के बाद इस तरह ट्रैक्टर पलटी खाया।
इसलिए नहीं हुआ पीएम
नियमानुसार पुलिस को बगैर सूचना दिए अस्पताल के चिकित्सक शव का पीएम नहीं कर सकते। क्योंकि पुलिस पहले पंचनामा बनाती है इसके बाद पीएम होता है। घटना दोपहर 2.30 बजे की है, युवक को नागदा अस्पताल लगभग 3 बजे लाया गया था। यहां मृत घोषित करने के बाद 4 बजे नागदा सरकारी अस्पताल लाया गया। तब तक पुलिस भी पहुंच सकती थी और पंचनामा बनाकर शव का पीएम कराकर लगभग 5.30 बजे तक शव परिजनों को सुपुर्द कर सकती थी। मगर ऐसा नहीं हुआ।
7वीं तक पढ़ा फिर छोड़ दी पढ़ाई, मजदूरी की
मृतक जितेंद्र भाई-बहनों में तीसरे नंबर का है। मृतक का बड़ा भाई कन्हैयालाल व इससे छोटी माया बाई है। दोनों का विवाह हो चुका है। इसके बाद जितेंद्र व इससे छोटा गोपाल है। दोनों अविवाहित थे। मृतक के भाई कन्हैयालाल ने बताया जितेंद्र 7वीं तक पढ़ा है। इसके बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी और मजदूरी करने लगा।
यह है मामला
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम रूपाखेड़ी निवासी जितेंद्र पिता दिनेश (21) ईंट खाली कर रूपाखेड़ी लौट रहा था। वह टेक्टर के बोनट पर बैठा था। अचानक वह गिर गया और उसके ऊपर ट्राॅली का पहिया फिर गया। घायल अवस्था में जितेंद्र को एम्बुलेंस से नागदा जनसेवा पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।