स्वीकृति के बाद भी नहीं बनी सड़क
बसवाहा भांडेर मार्ग की हालत खराब, यात्री होते हैं परेशान
भास्कर संवाददाता | उनाव
बसवाहा भांडेर मार्ग की हालत पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। एक साल पहले काम तिराहे से बसवाहा गांव तक सड़क चौड़ीकरण एवं उन्नति करण की लोगों को जानकारी मिली। लेकिन लोक निर्माण विभाग के द्वारा खानापूर्ति कर फाइल को दस्तावेजों में दबा दी। इस मार्ग से एक दर्जन से अधिक गांव जुड़े हुए हैं। साथ ही रोजाना सैकड़ों की संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। उनाव से भांडेर की ओर जाने बाले यात्रियों के लिए वाया बसवाहा होते हुए सड़क मुख्य मानी जाती है। कस्बा उनाव से बसवाहा की दूरी भी महज 18 किलोमीटर है। इस सड़क के आधे भाग का निर्माण आरसीसी सड़क के रूप में कामद तिराहे से उनाव तक आठ किलोमीटर हो चुका है। शेष बची हुई 10 किलोमीटर की सड़क के निर्माण की स्वीकृति वर्ष 2017 में हुई थी। एक साल के अंतराल के बाद भी सड़क का निर्माण शुरू नहीं हो सका है। यदि सड़क का निर्माण हो जाए तो कुसोली, कुवाखेड़ा, विजनपुरा, खरिया, कवीर, सासूती, खिरिया, नाई, रिछार, सहित दर्जन भर गांवों की राह आसान हो जाएगी।
बता दें कि कामद बसवाहा मार्ग वर्तमान में पूरी तरह से जर्जर हो चुका है। जबकि मार्ग बनाने को लेकर 2017 में बजट स्वीकृत हुआ। इसके बाद भी रोड बनाने को लेकर अनदेखी की जा रही है। वहीं वाहन चालाकों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग पर जगह-जगह पर गड्ढे हो गए हैं। जिसकी वजह से वाहन भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। वहीं लोक निर्माण विभाग का कहना है कि रोड का चौड़ीकरण होने की बात कह रहे हैं। एक साल निकलने के बाद भी न तो निर्माण कार्य शुरू हुआ, और न ही चौड़ीकरण को लेकर नाप-तोल की गई है। जर्जर सड़क की वजह से लोगों को आने जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।