निकासी का इंतजाम नहीं होने से सड़क पर भर रहा पानी
कस्बे में नवनिर्मित सड़क पर पानी निकास के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए है। मंगलवार की रात को आंधी व बारिश के चलते सड़क पर पानी भर गया। जिससे वाहन चालकों व राहगीरों को निकलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी निकास के लिए पंचायत ने दो दशक से कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किया है। जिससे उनाव से भांडेर मार्ग की ओर जाने वाले वाहन चालकों को काफी दिक्कत होती है।
बता दें कि सड़क निर्माण एजेंसी द्वारा नालियों का निर्माण तो करा दिया है। लेकिन सड़क के पानी के निकासी के लिए नालियों में सुराख नहीं कराए गए हैं। साथ ही नालियों से सटी मिट्टी का भी उठाव नहीं किया है। सड़क नाली से नीची होने के कारण पानी नाली में नहीं जा पाता है। जिससे बारिश का पानी सड़क पर भरा रहता है। जिससे कीचड़ हो जाती है। जल निकासी की समस्या बीते दो दशक से विकराल बनी हुई है। बरसात के मौसम में मुख्य बस स्टैंड की हालात तालाबनुमा हो जाती है। दो साल पहले कामद तिराहे से उनाव के मुख्य बस स्टैंड तक सीसी सड़क का निर्माण को हरी झंडी मिली थी। क्षेत्रीय विधायक घनश्याम पिरोनिया की मांग पर प्रभारी मंत्री ने दो करोड़ की स्वीकृति नालियों एवं अधूरी सड़क को पूरी करने के लिए दी थी। विगत आठ महीने में कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है।
सड़क पर पानी भरने से लोगों को आने जाने में हो रही परेशानी
सड़क पर भरे कीचड़ के बीच निकलते बाइक चालक।
जगह-जगह लगे गंदगी के ढेर
खूजा। ग्राम पंचायत सोहन में सार्वजनिक स्थानों पर व रोड किनारे जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। पंचायत अधिकारियों द्वारा सफाई को लेकर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। वहीं गंदगी के ढेरों में दुर्गंध आ रही है। जिससे आने जाने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है। वहीं रोड किनारे लगे गंदगी व गोबर के ढेर हटाने के लिए जिम्मेदार भी रुचि नहीं ले रहे हैं। जबकि इस संबंध में कई बार ग्राम के लोगों के द्वारा सरपंच व सचिव को अवगत कराया जा चुका है। यह गंदगी के ढेर गांव में घुसते ही दिख जाते हैं। सरकारी अस्पताल के पास आंगनबाड़ी केन्द्र एवं प्राइवेट स्कूल के पास मैन रोड पर लगे गंदगी के ढेरों से हर कोई परेशान है। बताया जाता है कि इस मार्ग पर दिन भर लोगों का आना जाना रहता है। लेकिन सड़क किनारे गोबर के बड़े बड़े ढेर एवं कचरा फैला हाेने से लोगों को काफी दिक्कत होती है।