पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Mp
  • Gwalior
  • नहीं जाना होगा 25 किमी दूर, नरगढ़ में होगी गेहूं की खरीदी

नहीं जाना होगा 25 किमी दूर, नरगढ़ में होगी गेहूं की खरीदी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कस्बा उनाव सहित दो अन्य सोसायटियों पर हर साल होने वाली गेहूं खरीदी केंद्रों को सुविधा के अभाव में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा परिवर्तित किया, और खरीदी के लिए गाड़ीघाट वेयर हाउस पर केंद्र बना दिया गया। जो उनाव से करीब 25 किलोमीटर दूर था। किसानों को जानकारी मिलते ही विरोध शुरू किया। वहीं क्षेत्रीय विधायक को किसानों ने घेरा, समस्या को लेकर दैनिक भास्कर ने 10 एवं 15अप्रैल के अंक में खबर प्रकाशित की। अब किसानों के गेहूं खरीदी के लिए लघु कृषक बाजार को केंद्र स्थापित कर दिया है।16 अप्रैल से कृषक केंद्र पर गेहूं की खरीदी शुरू होगी। जिससे किसानों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। किसानो की मांग पर विधायक पिरोनिया की पहल रंग लाई है। अधिकारियों ने सोसायटी प्रबंधकों को कांटे लगाकर किसानों के गेहूं को तौलने के लिए हरी झंडी दे दी है।

बता दें कि नरगढ गांव में गेहूं उपार्जन केंद्र स्थापित करने के संबंध में प्रशासकीय स्वीकृति के लिए प्रभारी कलेक्टर आशीष कुमार गुप्ता ने राज्य शासन को गत रोज क्षेत्रीय विधायक घनश्याम पिरोनिया की मांग पर पत्र लिखा था। जिस पर शासन से स्वीकृति मिल चुकी है। वहीं जिला अधिकारियों ने केंद्र सेवा सहकारी समिति उनाव के कर्मचारियों को किसानों के समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिए निर्देश दिए हैं। दैनिक भास्कर ने भी किसानो को गेहूं विक्रय में होने वाली समस्या को लेकर 10 एवं 15 अप्रैल के अंक में खबर को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया। अधिकारियों ने खबर को गंभीरता से लिया और किसानों की समस्या को महसूस किया। केंद्रों को यथावत रखने के लिए शासन को पत्र लिखा।

इस साल गेहूं की अच्छी हुई पैदावार: इस साल अंचल में मौसम मुफीद होने से गेहूं का बंपर पैदावार हुई है। वहीं अन्नदाताओं के अनाज को खरीदने के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य भी दो हजार रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित कर दिया है। किसान इस साल अपनी उपज को शासन द्वारा निर्धारित केंद्रों पर बेचने के लिए पूरा मन बना चुके है। कस्बा उनाव सहित सिमरिया, नरगढ, जनकपुर, कुम्हरिया, तरगुवां, झालमउ सहित अन्य गांव के किसान अब आसानी से केंद्र पर समर्थन मूल्य पर अपना गेहूं बेच सकेंगे। किसानों को किसी की परेशानी नहीं होगी।

तीन सोसायटियों का केंद्र बनाया लघु कृषक बाजार: उनाव, तरगुवां एवं परासरी तीनों सोसायटी केंद्रों को परिवर्तित कर दतिया गाड़ीघाट वेयर हाउस कर दिया गया था। अब तीनों सोसायटियों के किसानों के गेहूं खरीदी के लिए लघु कृषक बाजार को खरीदी केंद्र स्थापित कर दिया है। सभी सोसायटियों की लगभग पांच किलोमीटर की दूरी है। अब किसान आसानी से अपनी गेहूं की फसल को बेच सकेंगे।

जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि से किसानों ने जायज मांग की। वहीं विधायक घनश्याम पिरोनिया, प्रभारी कलेक्टर आशीष कुमार गुप्ता एवं खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने गंभीरता दिखाई, और शासन से समीपस्थ केंद्र रखने के लिए मांग की। शासन से अनुमति मिलने के बाद श्री गुप्ता ने कृषक बाजार पर तीनों सोसायटियों के कांटे लगाकर किसानों के गेहूं को समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए निर्देश दिए हैं।

स्थान परिवर्तन किया

समस्या के निदान के लिए राज्य शासन को तत्समय पत्र लिखा था।किसानों की सुविधा को ध्यान में रखकर स्थान परिवर्तन की कार्यवाही की जा रही है। आशीष कुमार गुप्ता एडीएम

राहत

तीन सोसाइटियों का गाड़ी घाट दतिया बनाया दिया खरीदी केंद्र, किसानों ने विधायक को घेरा, केंद्र यथावत रखने के लिए की थी मांग

आज से होगी गेहूं खरीदी

शासन ने लघु कृषक बाजार केंद्र पर तीनों सोसायटी के कांटे लगाने के लिए अनुमति मिल चुकी है। जिला प्रशासन ने उनाव में ही खरीदी केंद्र स्थापित कराकर सोमवार से खरीदी के लिए निर्देश सोसायटी प्रबंधकों को दिए हैं। क्षेत्र के किसानों को परेशानी से मुक्ति दिलाना मेरी पहली प्राथमिकता है। घनश्याम पिरोनिया, विधायक भांडेर

खबरें और भी हैं...