क्षेत्र के किसानों को नहीं मिल पा रही कृषि संबंधी सलाह
भास्कर संवाददाता | उनाव
उनाव कस्बे के किसानों को त्वरित सलाह व अन्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए दो दशक पहले कृषक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया था। जिससे किसानों को समय-समय पर खेती संबंधी जानकारी मिल सके। लेकिन यह केंद्र चार साल से जर्जर हालत में पड़ा हुआ है। अधिकारियों ने केंद्र की मरम्मत को लेकर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिसकी वजह से किसानों जानकारी से वंचित रहना पड़ रहा है।
बता दें कि कस्बा उनाव में वर्ष 1992 में कृषक प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना भांडेर मार्ग पर की गई थी। इस केंद्र की स्थापना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के किसानों को उन्नत खेती की जानकारी उपलब्ध कराना था। किसान केंद्र पर आए और विभागीय अधिकारी उन्हें नि:शुल्क खेती बाड़ी के संबंध में उपयोगी जानकारी दें। जिससे किसानों को भी खेती को लाभ का धंधा बनाने में सहायता मिल सके। लेकिन शासन की मंशा पर कृषि विभाग का अमला ही पलीता लगाता नजर आ रहा है। यहां पदस्थ अमला मुख्यालय पर निबास नहीं करता है। जिससे कृषक प्रशिक्षण केंद्र पर हमेशा ताला जड़ा रहता है लिहाजा किसानों को भी विभागीय योजनाओं का लाभ मिलता नजर नहीं आ रहा है।