सतनामी समाज का अादर्श विवाह 19 को, 40 जोड़ों का हुआ पंजीयन
सामुदायिक भवन उतई में संभाग स्तरीय सामूहिक आदर्श विवाह और सामाजिक सम्मेलन का आयोजन 19 अप्रैल को होगा। गुरु घासीदास गुरुद्वारा सेवा समिति उतई के इस आयोजन में बतौर मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम की तैयारी अंतिम चरण पर है।
समिति अध्यक्ष दिवाकर गायकवाड़ ने बताया कि सतनामी समाज में आदर्श विवाह को बढ़ावा देने के लिए यह आयोजन किया जा रहा है। इससे खर्चीली शादी व दहेज लेने-देने पर रोक लगेगा। आदर्श विवाह में समाज के 51 जोड़ों काे शामिल करने का लक्ष्य रखा गया है। अभी तक समिति के पास 40 जोड़ों का पंजीयन हो चुका है। सभी को महिला बाल विकास विभाग द्वारा निर्धन कन्या विवाह योजना के तहत गृहस्थी का सामान दिया जाएगा।
मंडप और बाकी व्यवस्था के लिए बांटी गई जिम्मेदारी
गायकवाड़ ने बताया कि आयोजन में उतई के आसपास के 30 गांव के सामाजिक लोग मेजबानी करेंगे। इस दौरान सामाजिक सम्मेलन भी होगा। धर्मगुरु उपस्थित रहेंगे। 10 हजार लोगों की बैठक व्यवस्था रखी गई है। पेयजल व भोजन का इंतजाम भी कार्यक्रम स्थल पर रहेगा। सभी जोड़ों के लिए मंडप बनाया जा रहा है। घराती व बराती के ठहरने का इंतजाम भी रहेगा। आयोजन के लिए समिति बनाकर जिम्मेदारी दी गई है।