अच्छे विचारों से आगे बढ़ेगा समाज, कुरीतियों को त्यागें: साहू
सांसद आदर्श ग्राम मचांदुर में दो दिवसीय ग्रामीण स्तरीय भक्त माता कर्मा जयंती महोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार को कलश यात्रा के साथ हुई, जिसमें 200 महिलाएं व युवतियां शामिल होकर गांव के सभी मोहल्लों का भ्रमण करते हुए साहू सदन तक पहुंची। रविवार को माता की पूजा-अर्चना से कार्यक्रम आगे बढ़ा।
मुख्य अतिथि सांसद ताम्रध्वज साहू ने सबसे पहले सामाजिक कुरीतियों व रूढ़िवादी परंपराओं को खत्म करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की पहचान उनके विचारों से होती है। विचार अच्छे रहने से आचरण अच्छा होता है। साहू समाज प्रगतिशील विचारों को महत्त्व देता है। इसलिए यहां मृत्यु भोज को एक सामाजिक कुरीति के रूप माना गया है, जिसमें पक्का कलेवा को बंद करके सादा भोजन कराने की परंपरा है। मचांदुर का समाज इसका उदाहरण है। ऐसे ही समाज अन्य कुरीतियों को भी खत्म करने का प्रयास करें। प्रदेश साहू संघ अध्यक्ष विपिन साहू ने संगठन पर बल देते हुए कहा कि जो समाज संगठित है, वही विकास करता है। दाऊ उत्तम साव व माता कर्मा की तरह हमारी भूमिका सिर्फ साहू समाज ही नहीं बल्कि पूरे दलित पीड़ित समाज के उत्थान में होनी चाहिए।
जयंती महोत्सव
मचांदुर में दो दिवसीय आयोजन माता कर्मा जयंती समारोह का हुआ समापन, सांसद व प्रदेश पदाधिकारियों ने साहू समाज की प्रगति के लिए रखे विचार
ग्राम मचांदुर के जयंती समारोह सर्वसमाज के प्रमुखों का सम्मान किया गया।
सामाजिक बहिष्कार बंद हो: महिला आयोग सदस्य खिलेश्वरी किरण ने कहा कि समाज में यदि कोई भूल करता है उसका उचित निराकरण करें। लेकिन समाज के किसी भी व्यक्ति को सामाजिक बहिष्कार का दंड न दें, क्योंकि समाज का काम जोड़ने का है। लखन साहू, प्रीतम साहू, जगदीश दीपक ने भी अपने विचार रखे।
सर्वसमाज के प्रमुखों का किया सम्मान: संचालन नंदकुमार और दयाराम गुरुजी ने किया। इस दौरान समाज सहित अन्य समाजों के 19 प्रमुखों, दानदाताओं, महिला कमांडो व प्रतिभाओं का सम्मान हुआ।
बोरसी में विधायक वाेरा ने की समाराेह की शुरुआत
बोरसी के वार्ड 51 और 52 में स्थानीय साहू समाज के लोगों ने जयंती मनाई।
दुर्ग|बोरसी वार्ड क्रमांक 51, 52 में साहू समाज द्वारा भक्त माता कर्मा जयंती मनाई जा रही। रविवार को दुर्ग विधायक अरुण वोरा ने इसकी शुरुआत की। उन्होंने समाज की एकजुटता की सराहना करते हुए भक्त माता कर्मा के बताए मार्गों पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष लिखन साहू, पार्षद प्रेमलता साहू, शंकर सिंह ठाकुर, पोषण लाल, राम खिलावन, सीता साहू, झरना साहू सहित अन्य उपस्थित थे। इससे पहले कलशयात्रा व माता की पूजा की गई।