बस से उतरते वक्त गिरकर घायल हुई महिला के परिजनों ने अस्पताल मेंे यह कहते हुए वहां के स्टाफ के साथ हाथापाई कर दी कि उसका जमीन पर लिटाकर इलाज किया जा रहा है।
घटना के बाद वहां मौजूद डाक्टर एवं स्टाफ अस्पताल से चले गए। महिला को लेकर परिजन हायर सेंटर के लिए निकले, इसी दाैरान महिला की मौत हो गई। मौत के बाद परिजन पीएम के लिए काफी देर परेशान हुए। अधिकारियों की समझाइश के बाद डाक्टर पीएम करने के लिए पहंुचे। ग्राम परसडीहा निवासी बसंती पटेल 38 वर्ष, शनिवार सुबह स्व सहायता समूह की बैठक में शामिल होने बस से करमडीहा जा रही थी। वह बस से उतरते वक्त अनियंत्रित होकर जमीन पर गिरी। इससे उसके सिर व सीने में गंभीर चोटें आई। परिजन उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहंुचे जहां महिला का जमीन पर लिटाकर इलाज शुरू किया गया। इस बात पर परिजन नाराज हो गए और उन्होंने वहां मौजूद मेडिकल स्टाफ के साथ हाथापाई कर दी। इससे डाक्टर व स्वास्थ्यकर्मी भी भड़क गए और वहां से चल दिए। परिजन महिला को इलाज के लिए अंबिकापुर लेकर आ रहे थे, इसी दौरान उसकी मौत हो गई। शव लेकर परिजन जब वाड्रफनगर अस्पताल पहंुचे तो वहां डाक्टर व स्टाफ मारपीट की आशंका से वहां नहीं आए। सूचना पर तहसीलदार युवराज कुर्रे, नायब तहसीलदार जयेंद्र सिंह एवं चौकी प्रभारी रजनीश सिंह वहां पहंुचे। किसी तरह डाक्टर एवं स्टाफ को पीएम के लिए समझाइश लेकर बुलाया गया। इसके बाद पीएम हो पाया। इधर अस्पताल के स्टाफ ने मामले की शिकायत पुलिस चौकी में करते हुए हाथापाई करने वालों के खिलाफ अपराध दर्ज करने की मांग की है।