दुकान पर खड़े लोगों को जीप ने मारी टक्कर, एक की मौत
वजीरपुर. परीता रोड पर हुई सड़क दुर्घटना में घायल अस्पताल में भर्ती।
तीन गंभीर घायल, अस्पताल में भीड़ काे पुलिस ने हटाया
भास्कर न्यूज | वजीरपुर
परीता रोड़ पर भट्टों की बगीची के पास शनिवार की सुबह करीब नौ अनियंत्रित जीप ने एक दुकान के सामने खड़े लोगों को टक्कर मार दी। दुर्घटना में एक जने की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बोलेरो जीप जिसका नंबर आरजे 11 टीपी 1301 था, अनियंत्रित हो गई और हादसा हो गया। सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को चिकित्सालय पहुंचाया। एंबुलेंस चालक ने बताया कि मदनलाल बैरवा, देवेन्द्र कुमार, नवल गुप्ता तथा मंजू पुत्री रामजीलाल लुहार हादसे में घायल हुए, इनमें से मदन (53) पुत्र रतनाराम बैरवा को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।
हादसे के बाद बड़ी संख्या में लोग अस्पताल में जमा हो गए जिन्हें पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हटाया। डा. आरके मीणा, महेश मीणा, सतीश, कर्ण सिंह, अशोक व वीणा ने घायलों को सम्भाला। डा. मीणा ने बताया कि नवल के सिर व हाथ में चोट है वहीं मंजू के कमर व पेट में तथा देवेन्द्र के पैर में फ्रेक्चर आया है। हालत गंभीर होने के कारण देवेंद्र को जयपुर रेफर किया गया है। दूसरी ओर मृतक मदनलाल के शव का तीन चिकित्सकों महेश, संजय तथा राकेश गुप्ता के बोर्ड ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा।
घटना के बाद पुलिस ने बोलेरो को बजरंगपुरा से बरामद किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जीप परीता की ओर जा रही थी और मदनलाल तरकारी लेकर बाजार से आकर एक दुकान पर रुके थे कि जीप ने उनको पीछे से जोरदार टक्कर मारी। दुकान खोलते हुए नवल को भी जीप ने चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद जीप चालक मौके से फरार हो गया जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।