पाक विस्थापितों से वसूली का आरोपी अफसर एसीबी रिमांड पर
जोधपुर | पाकिस्तान में सबकुछ लुटा कर भारत आए विस्थापितों की मजबूरी का फायदा उठा उन्हें लाॅन्ग टर्म वीजा दिलाने या वीजा ट्रांसफर सहित अन्य काम के बहाने वसूली के आरोप में एसीबी द्वारा गिरफ्तार गृह मंत्रालय के सीनियर सेक्रेट्रेट असिस्टेंट (एसएसए) पंकज कुमार मिश्रा और तीन स्थानीय दलाल अशोक, भगवानाराम व गोविंद को एसीबी ने 21 मई तक रिमांड पर लिया है। उल्लेखनीय है, कि विस्थापितों के संबंध में दैनिक भास्कर द्वारा प्रकाशित खबरों को हाईकोर्ट ने जनहित याचिका माना था और इसी की सुनवाई चल रही है। इसी याचिका में केंद्र की ओर से पक्ष रखने के लिए एसएसए मिश्रा दिल्ली से जोधपुर आता और रात में होटल में बैठकर विस्थापितों से वसूली करता था।
एसीबी के एसपी अजयपाल लांबा के अनुसार एसीबी की जयपुर स्थित इंटेलीजेंस विंग से इसकी सूचना मिलने के बाद ही मिश्रा को सर्विलांस पर लिया गया था। शुक्रवार को हाईकोर्ट में पेश होने के लिए वह गुरुवार को ही जोधपुर अा गया था और रात में पाल बाइपास पर कस्तुरी ऑर्चिड होटल में दलालों से पैसा ले रहा था तब मिश्रा के साथ तीन स्थानीय दलालों को भी पकड़ लिया था।