लटेरी में हुई किसान की मौत और कर्नाटक में भाजपा को सरकार बनाने का न्योता देने पर राज्यपाल के विरोध में कांग्रेस ने शुक्रवार को एक ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस का आरोप है कि बीजूखेड़ी के किसान मूलचंद मैना की मौत के लिए सीधे तौर पर शासन-प्रशासन जिम्मेदार है। मप्र कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव शशांक भार्गव का कहना था कि उन्होंने पहले ही प्रशासन को चेताया था कि जितनी मात्रा में खरीदी के इंतजाम हों उतने ही एसएमएस भेजे जाएं। इसके बावजूद खरीदी से जुड़े तंत्र ने अधिक संख्या में किसानों को एसएमएस भेज दिए। इससे समय पर तौल न हो पाने से किसानों को कई कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेता शशांक भार्गव ने बताया कि किसानों को खरीदी केंद्रों पर पानी, भोजन, छांव व ठहरने की सुविधा नहीं होने से परेशान होना पड़ रहा है। इसी परेशानी की वजह से किसान मूलचंद की भी मौत होने हुई है। शशांक भार्गव का यह भी आरोप है कि सीएम के दबाव में अधिक संख्या में किसानों को एसएमएस भेजे जा रहे हैं। इस अव्यवस्था के लिए कांग्रेस नेता भार्गव ने सीएम के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराने की भी मांग की है।