बास्केटबॉल स्पर्धा: एसटीसी भोपाल और रीवा ने जीता मैच
विदिशा| 69वीं राज्य स्तरीय जूनियर बालिका एवं बालक बॉस्केटबाल प्रतियोगिता का मंगलवार को शुभारंभ हुआ। जैन कॉलेज परिसर में शुभारंभ मैच भोपाल कार्पोरेशन और एसटीसी भोपाल के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में यह मैच एसटीसी भोपाल ने जीत लिया। दूसरा मैच रीवा और भोपाल के बीच खेला गया। यह मैच रीवा ने जीत लिया। इससे पहले प्रदेशभर से करीब 500 खिलाड़ी जुटे। माधवगंज चौराहे से खिलाड़ियों ने रैली निकाली। इस रैली में शहर के खिलाड़ियों ने भी हिस्सा लिया। रैली में शामिल खिलाड़ी अलग-अलग रंग के ध्वज रखे हुए थे। मैच का शुभारंभ जिला बॉस्केटबॉल संघ के अध्यक्ष मुकेश टंडन ने किया। इस मौके पर विधायक कल्याणसिंह दांगी, भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश सोनी, निरपत कुशवाह, राजकुमार राय, पार्षद रुचि सक्सेना, मंजरी जैन, कमलेश सूर्यवंशी, पार्षद सुरेश मालवीय, सुरेंद्रसिंह चौहान, कमलेश मालवीय सहित कई लोग मौजूद थे।