कम स्कॉलरशिप मिलने पर छात्र-छात्राओं ने मांगी भीख
शहर के कई निजी कॉलेज के छात्र-छात्राएं मंगलवार को सड़कों पर निकल पड़े। कम स्कॉलरशिप मिलने से नाराज छात्राओं की भीड़ जब ओवरब्रिज पर पहुंची तो जाम लगना शुरू हो गया। इस बीच आक्रोशित छात्राएं और छात्र ओवरब्रिज पर बैठ गए।
छात्राओं का कहना था कि पिछले कई दिनों से लगातार ज्ञापन देकर प्रशासन से कम आई छात्रवृत्ति की राशि को बढ़ाकर दिए जाने की मांग करते आ रहे थे। इस मांग पर कोई सुनवाई नहीं होने पर ये छात्र-छात्राएं उग्र तेवर में रैली के रूप में माधवगंज से कलेक्टोरेट के लिए रवाना हुए। इस बात का अंदाजा पुलिस को नहीं था। इस बीच छात्राओं ने जाम लगा दिया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब 20 मिनट तक जाम की स्थिति बनी रही।
डिप्टी कलेक्टर ने सुनीं समस्याएं
यह सभी छात्र-छात्राएं कांग्रेस नेता देवेंद्रसिंह राठौर के नेतृत्व में जुटी थीं। छात्र-छात्राओं ने ओवरब्रिज पर जाम लगाना शुरू कर दिया था। इस बीच साथ में काफी संख्या में छात्र भी आ गए। यह सब सिविल पुलिस के सामने होता रहा।
पुलिस सिर्फ तमाशा देखती रही। इसके बाद थाना प्रभारी छात्र-छात्राओं से चर्चा करने पहुंचे। आखिर में सभी कलेक्टोरेट पहुंचे। यहां आशा सिंह राजपूत ने छात्रों की मदद के लिए झोली फैला दी। इसे देखकर अफसर दूर हो गए। आखिर में डिप्टी कलेक्टर आरडीएस अग्निवंशी ने छात्रों की समस्याएं सुनी।