इंफेक्शन की वजह से बिगड़ी कुपोषित जुड़वां बच्चों की तबीयत, चढ़ाया खून
जिले में दो अति कुपोषित श्रेणी के बच्चे सामने आए हैं, जिन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में भर्ती कराया गया है। दोनों बच्चों को सिरोंज अस्पताल से विदिशा रेफर किया गया है। दोनों बच्चों का वजन बेहद कम है और उल्टी दस्त के बाद उनकी हालत खतरे में है।
बुधवार को दोनों को खून चढ़ाया गया लेकिन इसके बाद भी उनकी हालत नहीं सुधरी। डॉ एमके जैन का कहना है कि अतिकुपोषित होने की वजह से उन्हें इंफेक्शन हुआ है। इस वजह से उल्टी-दस्त हुई। सेफ्टीसेनिया के चलते उनकी हालत गंभीर है। करीब एक सप्ताह के बाद ही उनकी हालत में सुधार हो सकेगा। अस्पताल में जितनी सुविधाएं हैं उस हिसाब से अच्छे से अच्छा इलाज करने की कोशिश की जा रही है।
पहले से ही कुपोषित, कराया था एनआरसी में भर्ती : सिरोंज के इकलोद गांव निवासी सीमा अहिरवार प|ी प्रेमनारायण अहिरवार ने जुड़वा बच्चों को 15 जुलाई 2017 को जन्म दिया था। दोनों कुपोषित थे इसलिए जनवरी 2018 में एनआरसी सिरोंज में भर्ती कराया था। मां सीमा ने बताया कि इलाज के बाद उनकी हालत सुधरी और वापस गांव ले आए थे। मंगलवार को 9 महीने के लव और कुश को उल्टी-दस्त शुरू हो गए। दोनों बच्चों को लेकर सिरोंज अस्पताल आए। यहां इलाज के बाद विदिशा रेफर कर दिया। प्रेमनारायण गांव में मजदूरी करता है। पिता का कहना है कि उसके परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। इसलिए मां और बच्चों को पर्याप्त पोष्टिक खाना नहीं खिला पाता।