टूट रही पाइप लाइन, नलों में नहीं आ रहा पानी
भास्कर संवाददाता | विदिशा
शहर की सड़कों की एक बार फिर खुदाई शुरू हो गई है। शहरवासी पहले से ही उखड़ी पड़ी सड़कों से परेशान थे, वहीं फिर से शुरू हुई खुदाई से लोगों को दोहरी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। खुदाई की वजह से रास्ते बंद होने से लोग अपने घरों से निकल तक नहीं पा रहे हैं। सीवेज लाइन के चैंबर बनाने के लिए सड़कों को खोदा जा रहा है। पिछले 2 साल से शहर के लोग हर कभी होने वाली सड़कों की खुदाई से काफी आक्रोशित हैं। लोगों की नाराजगी को देखते हुए नपा के अधिकारी अब आगे का काम रोककर सिर्फ सड़कों की मरम्मत कराने की बात कह रहे हैं। सड़कों की हालत खराब होने से ज्यादातर इलाकों के लोगों का एक-एक दिन जहां मुसीबत गुजर रहा है, वहीं आने वाले मानसून में क्या हालत होगी यह सोचकर वे अभी से परेशान है।