फैसला... 100 घंटे काम किया तो मिलेंगे 2 अंक
विदिशा| स्वच्छ भारत अभियान को केंद्र सरकार ने कॉलेजों के पाठ्यक्रम में शामिल कर दिया है। हालांकि इसे ऐच्छिक रखा गया है। सरकार ने कॉलेजों में स्वच्छ भारत समर इंटर्नशिप करने वाले विद्यार्थियों को 2 क्रेडिट अंक देने का फैसला किया है। ये अंक सरकारी नौकरी के लिए दी जाने वाली परीक्षा में एनसीसी, खेल, एनएसएस प्रोग्राम में शामिल होने पर मिलने वाले प्रोत्साहन अंकों की तरह ही मिलेंगे। इस संबंध में कॉलेजों के लिए उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव बीआर नायडू ने सर्कुलर जारी किया है। गांवों में स्वच्छता से जुड़े कार्यों में जोड़ने एवं स्वच्छता कार्यक्रमों में प्रभावी भागीदारी निश्चित करने के लिए केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने इस योजना को लागू किया है।