आज होना था बेतवा श्रमदान अभियान का समापन, लेकिन एक पखवाड़ा और बढ़ा
पिछले 15 दिनों से बेतवा नदी के संरक्षण और घाट को स्वच्छ करने के अभियान में जुटे श्रमदानियों का जोश और जुनून थमने का नाम नहीं ले रहा है। श्रमदानियों के इसी उत्साह की बदौलत इस सफाई अभियान को 15मई से एक पखवाड़े के लिए और आगे बढ़ा दिया गया है। चरणतीर्थ घाट व दशाकर्म घाट पर चल रहे श्रमदान को अब एक पखवाड़ा और बढ़ा दिया गया है। बढ़ाए गए अभियान के तहत बेतवा नदी के घाटों के अलावा शहर के कुएं और बावड़ियों को भी सहेजने मुहिम चलेगी।
15वें दिन जैन कालेज स्टॉफ, जनरल मोहर्रम कमेटी, सत्याग्रह संघ, मुक्तिधाम सेवा समिति, बेतवा उत्थान समिति शासकीय कन्या पोस्ट मैट्रिक छात्रावास व शिक्षा विभाग के लोग शामिल हुए। श्रमदान के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष मुकेश टंडन, मुख्य वनसंरक्षक एचसी गुप्ता, एडीएम एचपी वर्मा, एसडीएम आरएस राय, जैन कालेज की प्राचार्य डा.शोभा जैन ने संबोधित करते हुए इस श्रमदान की सफलता में श्रमदानियों द्वारा दिए गए तन, मन और धन से योगदान की जमकर सराहना की। जनरल मोहर्रम कमेटी अध्यक्ष चौधरी फरहत अली ने 1100 रुपए की राशि दान भी की।