सीएम ने मांगी मानें तो वकीलों ने जताई खुशी
विदिशा| मप्र राज्य अधिवक्ता परिषद द्वारा भोपाल के नेशनल लॉ इंस्टीट्यूट यूनिवर्सिटी केरवा डेम के सभागृह में एक समारोह आयोजित किया गया था। इस समारोह में शामिल हुए सीएम शिवराजसिंह चौहान के समक्ष विदिशा जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष महेंद्र जैन ने एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट सहित वकीलों के उपचार में आर्थिक सहायता दिए जाने, मृत्यु उपरांत दी जाने वाली धन राशि बढ़ाई जाने व वकीलों के चेंबर्स के लिए धनराशि दिए जाने की मांग पुरजोर तरीके से रखी थी। जिला संघ के सचिव अजय कुशवाह ने बताया कि संघ के जिला अध्यक्ष महेंद्र जैन द्वारा रखी गई इन मांगों को पूरा करने का सीएम ने आश्वासन दिया है। सीएम ने एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट का प्रस्ताव आगामी विधानसभा में रखने, गंभीर बीमारी पर 5 लाख रुपए तक दिए जाने, मृत्यु उपरांत 2 लाख रुपए सहायता राशि दी जाने व नए वकीलों को व्यवसाय शुरू करने के लिए 12 हजार रुपए की जगह 25 हजार रुपए दिए जाने का आश्वासन दिया है।