परिवेदना निवारण शिविर में सुलझेंगी शिक्षकों की समस्या
लटेरी| 18 मई को प्रत्येक विकासखंड मुख्यालय पर उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर का नाम बदलकर अब ‘’परिवेदना निवारण शिविर’’ कर दिया गया है। शिविर में शिक्षा विभाग के अधीन सभी संस्थाओं के तृतीय तथा चतुर्थ वर्ग के शासकीय कर्मचारी ,सहायक अध्यापक ,अध्यापक, वरिष्ठ अध्यापक सहायक शिक्षक, शिक्षक ,व्याख्याता प्राचार्य तथा अन्य विभागीय अमला अपनी स्थापना संबंधी, स्वत्व , समस्याओं और शिकायतों के लिए आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। शिक्षकों की सम्मेलन समस्याओं का निराकरण हो सके इस हेतु शिविर में विकासखंड अंतर्गत सभी संकुल प्राचार्य, विकास खंड शिक्षा अधिकारी , विकासखंड स्त्रोत समन्वयक उपस्थित रहेंगे। मौके पर ही शिक्षकों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इस संबंध में 16 मई को जिला शिक्षा अधिकारी एचएन नेमा ने निर्देश जारी किए हैं। बलवंत वर्मा संयुक्त संचालक लोक शिक्षण भोपाल संभाग भोपाल द्वारा सफल क्रियान्वयन एवं मॉनिटरिंग के लिए उपसंचालक बृजभूषण सक्सेना को विदिशा जिले का प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।
विकासखंडों में शिविर आयोजित होंगे: 18 मई 2018को विदिशा विकासखंड में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विदिशा में, ग्यारसपुर विकासखंड में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ग्यारसपुर में ,कुरवाई विकासखंड में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुरवाई में, सिरोंज विकासखंड में उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिरोंज में, लटेरी विकासखंड में उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लटेरी में, नटेरन विकासखंड में उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नटेरन में शिविर का आयोजन होगा। एकमात्र बासौदा विकासखंड में इस परिवेदना निवारण शिविर का आयोजन 21 मई को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बासौदा में होगा। इन सभी विकासखंडों में शिविर का समय प्रातः 10:30 बजे से सायं 5:30 बजे तक रहेगा। इस दौरान नियत स्थानों पर शिक्षक समस्याओं के समाधान के लिए उपस्थित होकर अपनी समस्याएं रख सकेंगे।