जिले के 23 और प्रदेश के 480 साथियों की खातिर 108 एंबुलेंस सेवा के तमाम कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। कई मरीजों को अस्पताल तक आने के लिए जहां एंबुलेंस नहीं मिली। 108 एंबुलेंस के कर्मचारियों ने ठेकेदार कंपनी से होल्ड किए गए सभी कर्मचारियों की वापस लेने की मांग को लेकर यह हड़ताल की है। जिले में 108 सेवा से जुड़े करीब 59 कर्मचारियों में 23 कर्मचारियों को छोड़कर शेष सभी कर्मचारी इस अनिश्चित कालीन हड़ताल पर चले गए हैं।
108 एंबुलेंस कर्मचारी संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष रामेश्वर रघुवंशी ने बताया कि 8 घंटे काम न कराने के मामले में जिले के 23 व प्रदेश के 480 कर्मचारी लेबर कोर्ट में चले गए थे। इन कर्मचारियों का संबंधित ठेकेदार कंपनी ने बाहर कर दिया था। लेबर कोर्ट ने कर्मचारियों के पक्ष में फैसला सुनाते हुए वापस लेने का आदेश जारी किया था। इसके बावजूद कंपनी ने होल्ड किए गए कर्मचारियों को 45 दिन बाद भी वापस नहीं लिया है। इसी के विरोध में प्रदेश व्यापी हड़ताल की है।