मई महीने में 20 दिन के अंदर दूसरी बार अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचा है। 20 मई रविवार इस सीजन में अभी तक का सबसे गर्म दिन रहा। रविवार को अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहा।
शनिवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस था। न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी नहीं हुई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को विदिशा में अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान भी 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। इस बीच उत्तर-पश्चिम से हवाओं का दौर चलता रहेगा। इससे पहले 2 मई को दिन का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा गया था।
बीते सात सालों में पहली बार 2 मई को इतना तापमान बढ़ा था। इससे पहले 2 मई 2011 को सर्वाधिक 43 डिग्री अधिकतम तापमान पहुंचा था। पिछले साल 2017 में 2 मई को अधिकतम तापमान 41 तथा न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस पर था। कृषि महाविद्यालय सीहोर के मौसम वैज्ञानिक एसएस तोमर का कहना है कि तापमान में बढ़ोतरी का क्रम जारी रहेगा। हवा की गति 15 से 20 किमी प्रति घंटे रहेगी। बढ़ती गर्मी को देखते हुए सुबह 10.30 बजे के बाद ही सड़कों पर भीड़ कम होने लगी थी।