अपनी सालाना प्रतियोगिता के लिए प्रसिद्ध कनारा मैदान अब बड़ी प्रतियोगिताएं कराने के लिए तैयार हाे रहा है। आने वाले समय में इस मैदान में रणजी ट्रॉफी हो सकेगी। शहर के खेल प्रेमियों के लिए यह खुशखबरी हो सकती है। अभी यह मैदान मप्र क्रिकेट एसोसिएशन के मापदंड पर खरा नहीं था। इसकी वजह मैदान के पास खड़ी एक सरकारी बिल्डिंग थी। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समन्वय के बाद अब यह बिल्डिंग टूट गई है। कुछ महीने में यह मैदान एमपीसीए के मापदंड के हिसाब से तैयार हो जाएगा। इसके बाद इस मैदान में रणजी और अन्य राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिताएं हो सकेंगी। गौरतलब है कि कनारा क्रिकेट की प्रतियोगिता पूरी देश में प्रसिद्ध हैं।
48 साल से जारी है स्पर्धा
कनारा प्रतियोगिता पिछले 48 साल से लगातार जारी है। क्लब के लोग दावा करते हैं कि किसी भी निजी क्लब द्वारा इतने सालों से कोई प्रतियोगिता नहीं खेली जा रही है। जबकि कनारा प्रतियोगिता बगैर किसी रुकावट के जारी है। अगले साल 49वीं प्रतियोगिता होगी। इसके अलावा इस मैदान में 44 डिग्री तापमान में भी हरी घास मौजूद है।