मालवीय उद्यान और कान्वेंट स्कूल के पास शिफ्ट होंगी अस्थाई दुकानें
प्रशासन ने आनन-फानन में नवनिर्मित खरी फाटक आरओबी को चालू तो कर दिया है लेकिन उसके रास्ते में लगने वाले फल और सब्जी मार्केट को अभी तक शिफ्ट नहीं किया है। माधवगंज और पीतल मिल चौक पर फल और सब्जी मार्केट लगने से चार पहिया और भारी वाहनों का यहां से निकलना मुश्किल हो रहा है। माधवगंज मेन रोड पर करीब 200 और पीतल मिल चौक पर 150 से अधिक फल और सब्जी वाले अस्थाई तौर पर अपनी दुकानें लगाते हैं। आरओबी के रास्ते से जब तक इन दुकानदारों को शिफ्ट नहीं किया जाता तब तक लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ेगा।
5 हजार से अधिक वाहनों की होती है आवाजाही
अभी भोपाल से सागर रोड पर रोजाना 5 हजार से अधिक वाहन चालकों की आवाजाही होती है। इसमें से अधिकतर वाहन चालक अभी ओवरब्रिज से होकर ही निकलते हैं। आरओबी का रास्ता साफ होने के बाद ट्रैफिक डायवर्ट हो जाएगा। ओवरब्रिज से वाहनों का लोड कम हो जाएगा।
माधवगंज और पीतल मिल चौक पर करीब 350 से अधिक दुकानें लगती हैं
अधिकारी बोले-बैठक कर इस समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा
रेलवे स्टेशन काली मस्जिद के पास दुकानदारों के अतिक्रमण के कारण नवीन ब्रिज से आने जाने वालों को होती है सुविधा।
आवागमन में होगी सुविधा
नपाध्यक्ष मुकेश टंडन का कहना है कि माधवगंज रोड पर फल और सब्जी वाले दुकानदारों को मालवीय उद्यान की खाली पड़ी जमीन में शिफ्ट किया जाएगा। इससे मेन रोड वाहन चालकों के लिए क्लियर हो जाएगा। इसी प्रकार पीतल मिल चौक के दुकानदारों को कांवेंट स्कूल के पास खाली पड़ी नपा की जमीन में शिफ्ट किया जाएगा। इससे आरओबी की एप्रोच रोड साफ हो जाएगी और आवागमन में लोगों का असुविधा नहीं होगी।
वाहन चालकों का दो किमी का बचेगा चक्कर
चार पहिया और भारी वाहन अभी सागर रोड से ओवरब्रिज से होते हुए भोपाल और अशोक नगर रोड की ओर निकलते हैं। यदि आरओबी से भारी वाहन निकलने का रास्ता साफ होता है तो वाहन चालकों का 2 किमी का चक्कर बचेगा। सागर रोड से वाहन चालक सीधे आरओबी से निकलकर माधवगंज, अस्पताल रोड से होते हुए गांधी चौक पहुंच सकेंगे।
रेड जोन और ग्रीन जोन का नहीं हो रहा पालन
प्रशासन ने माधवगंज मेन रोड से फल और सब्जी वालों के लिए रेड और ग्रीन जोन बनाए थे। ग्रीन जोन के बाहर दुकान लगाने पर सामान जब्त करने का नियम बनाया गया है। इसके लिए प्रशासन ने बाकायदा पेंटिंग करके लक्ष्मण रेखा भी बनाई थी। बाद में अधिकारियों ने इस नियम का पालन नहीं कराया। इस संबंध में नपा सीएमओ सत्येंद्र धाकरे का कहना है कि जल्द ही एक बैठक बुलाकर इस समस्या का समाधान किया जाएगा।