अफसरों ने जूस पिलाकर खत्म कराई हम्मालों की हड़ताल
एसडीएम और सीएसपी ने हम्माल यूनियन की भूख हड़ताल कराई समाप्त।
विदिशा| कृषि उपज मंडी में चल रही हम्मालों और तुलावटों की हड़ताल शुक्रवार को भी जारी रही। इस हड़ताल के तहत शुक्रवार को भूख हड़ताल पर चल रहे हम्मालों ने मंडी बोर्ड के एमडी का पुतला भी फूंका।
इस प्रदर्शन के दौरान हम्माल मंडी बोर्ड के एमडी के पुतले को यहां वहां घसीटते हुए भी नजर आए। लंबे समय से मंडी के हम्माल और तुलावट 100 किलो वजनी उपज की तौल और भर्ती कराए जाने का विरोध कर रहे हैं। इनकी मांग है कि 50 किलो की तौल और भर्ती कराई जाए। भूख हड़ताल पर बैठे हम्माल एवं तुलावटों से मिलने एसडीएम रविशंकर राय व सीएसपी बीबी शर्मा धरना स्थल पर पहुंचे।
इस दौरान एसडीएम ने हम्माल यूनियन के अध्यक्ष माधौसिंह अहिरवार से बातचीत की और उनकी मांगों के निराकरण के लिए वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा करने का आश्वासन भी दिया। इन अधिकारियों ने धरने पर बैठे हम्माल यूनियन के अध्यक्ष माधौसिंह को जूस पिलाकर हड़ताल खत्म कराई।