सिरोंज| विदिशा में अंजलि अग्रवाल की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस कार्रवाई से असंतुष्ट मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने शनिवार को एसपी से मुलाकात की। उन्होंने एसपी से मृतका के पति के अलावा अन्य परिजनों पर भी हत्या का प्रकरण दर्ज करने की मांग की।
विदिशा में अरिहंत विहार कालोनी निवासी अंजलि अग्रवाल की 10 मार्च को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। सिरोंज में रहने वाले अंजलि के मायके पक्ष के लोगों ने बेटी की मौत का जिम्मेदार उसके पति और ससुराल पक्ष के लोगों को बताते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को आवेदन सौंपा था। लगातार आवेदन और ज्ञापन के बाद विदिशा पुलिस ने अंजलि के पति सुलभ गर्ग के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से अंजलि के परिजन असंतुष्ट है। शुक्रवार को सिरोंज आए एसपी विनीत कपूर से अंजलि के पिता कैलाशनारायण मित्तल और अन्य परिजनों ने भेंट कर अपनी पीड़ा बताई। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी की हत्या में उसका पति सुलभ तो शामिल है ही उसकी सास, ससुर और ननद भी दोषी है। पुलिस ने सुलभ के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर सिर्फ खानापूर्ति की है। अंजलि के चाचा राजेश मित्तल का कहना था कि प्रभावी लोगों के दबाव की वजह से मामले को दबाया जा रहा है। घटना के बाद से ही अंजलि का मोबाइल गायब है जो कि मामले को सुलझाने में महत्वपूर्ण कड़ी हो सकता था। मोबाइल की काल डिटेल से उसके ऊपर हुए अत्याचार की जानकारी मिल सकती है। उन्होंने एसपी से जल्द ही जांच पूरी कर अंजलि के पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।