बेतवा नदी पर चल रहे श्रमदान का कारवां चरणतीर्थ घाट व दशाकर्म घाट से आगे बढ़ गया है। गुरुवार को विशेष श्रमदान के 17वें दिन चरणतीर्थ घाट के सामने बनी प्राचीन धर्मशाला में श्रमदान किया। इस धर्मशाला में पहले भगवान शिव का मंदिर था।
गुरुवार को श्रमदानियों ने नदी के पानी से भरे इस हिस्से की साफ-सफाई की। श्रमदानियों ने यहां से बड़ी मात्रा में वर्षों से जमा मिट्टी को निकाला। मुक्तिधाम सेवा समिति के सचिव मनोज पांडे ने बताया कि विशेष श्रमदान के 17वें दिन बेतवा नदी पर शासकीय उत्कृष्ट स्कूल, जैन मिलन ग्रुप, छात्रावास की छात्राओं, शिक्षा विभाग, एनसीसी केडेट्स, खिलाड़ियों तथा समाजसेवियों ने काफी मेहनत के साथ साफ-सफाई की। उन्होंने बताया कि इस श्रमदान में मुख्य रूप से एसडीएम आरएस राय, उत्कृष्ट स्कूल के स्टॉफ प्राचार्य चारु सक्सेना, भाजपा नेत्री मंजरी जैन, अतुल शाह, अतुल जैन, चौधरी संजय सर्राफ, राकेश जैन, विजय चतुर्वेदी, विजय श्रीवास्तव, हरिहर चतुर्वेदी, दिलीप रघुवंशी, संतोष गुप्ता, शिवराम शर्मा, दिलीपसिंह जाट, संजय शर्मा, हितेंद्र रघुवंशी सहित मुस्लिम समाज के लोग मौजूद रहे। शुक्रवार को श्रमदान के 18 वें दिन संकुल केंद्र माधवगंज क्र1 व 2 का समस्त स्टाफ और प्राचार्य उपस्थित रहेंगे।