बुधवार की रात में विदिशा स्टेशन पर एक 8 साल की लड़की चलती ट्रेन से कूद गई। सोनम नाम की यह लड़की अपनी दादी के साथ बुधवार की रात में ट्रेन में सफर कर रही थी, जो कि बीना स्टेशन पर पानी भरने के दौरान उतर गई थी।
अचानक ट्रेन चलने से सोनम बीना में ट्रेन के दूसरे कोच में चढ़ गई, जबकि सोनम ढूंढने के लिए दादी बीना स्टेशन पर ही उतर गई।
दादी से बिछड़ने की वजह से सोनम विदिशा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन धीमी होने पर कूद गई। विदिशा स्टेशन पर सोनम आरपीएफ पुलिस को मिली। पूछताछ में परिवार से बिछड़ने की जानकारी मिलने के बाद सोनम को कोतवाली थाना परिसर स्थित गुलमोहर पहुंचाया गया।
यहां पर निरीक्षक रजनी तिवारी व आरक्षक वीरेंद्र सिंह ने सोनम से पूछताछ के आधार पर झांसी, ललितपुर, भोपाल व अन्य जीआरपी थानों से संपर्क कर सोनम की दादी को ढूंढ निकाला।
महज 16 घंटे के भीतर ही सोनम अपने परिवार के पास पहुंच गई। निरीक्षक रजनी तिवारी ने बताया कि सोनम यूपी के प्रतापगढ़ जिले के मरदापुर गांव की रहने वाली है।