पांच घंटे तक एनएफएल गेट बंद कर मजदूरों ने किया हंमागा
नेशनल फर्टिलाइजर्स से 2 साल पहले हटाए गए 97 ठेका मजदूरों ने काम पर वापस रखने की मांग को लेकर मंगलवार को एनएफएल विजयपुर के पालिका बाजार गेट को 5 घंटे तक बंद रखकर हंगामा किया। इस दौरान उनकी कई लोगों से झड़प भी हुई। दरअसल 2 साल पहले एनएफएल के बैगिंग प्लांट में ठेके पर लगे 97 मजदूरों को ठेकेदार ने हटा दिया था, यह तभी से काम पर वापस रखे जाने की मांग को लेकर समय- समय पर प्रदर्शन करते रहे हैं। इसके लिए पूर्व से तय प्रदर्शन कार्यक्रम के तहत 17 अप्रैल को सुबह 6 से दोपहर 11 बजे तक मजदूरों ने पालिका बाजार गेट पर ताला बंदी कर हंगामा किया। इस दौरान रुठियाई आदि से जो लोग अपने बच्चों को एनएफएल के डीपीएस स्कूल में छोड़ने जा रहे थे और जिन लोगों को प्लांट में जॉब पर जाना था उनके भी मजदूरों की बहस हुई। हालांकि इस मामले से प्रबंधन पूरी तरह से दूर बना रहा। एनएफएल पीआरओ प्रकाश रंजन ने प्रबंधन के हवाले से कहा कि एनएफएल ने ठेकेदार को ठेका दिया था, हम ठेकेदार किससे काम कराए यह उसकी मर्जी है। इससे प्रबंधन को कोई लेना और देना नहीं है।