लुहाकना कलां में एक ही रात में चोरों ने तीन मकानों को बनाया निशाना
लुहाकना कलां में चोरों का ख़ौफ़ लगातार बना हुआ है। शनिवार को चोरों ने तीन मकानों को निशाना बनाते हुए 24 हजार की नकदी, जेवरात व तीन मवेशियों सहित हजारों रुपए का सामान चोरी कर लिया। सूचना पर रविवार सुबह मौके पर पहुंचे विराटनगर थाना प्रभारी ने घटना की जानकारी ली। ग्रामीणों ने लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर आक्रोश जताते हुए पुलिस से शीघ्र वारदातों का खुलासा करने की मांग की।
जानकारी के अनुसार लुहाकना कलां में शनिवार को चोरों ने रोशन पुत्र बोदूराम बलाई के मकान का ताला तोड़कर हजारों रुपए का सामान चोरी कर लिया। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर 22300 रुपए की नकदी, सोने की एक चेन, सोने के 2 टॉप्स, चांदी की पायजेब, चांदी के 3 सिक्के, एक एलसीडी, चांदी की 2 चेन, भैरूराम पुत्र कालूराम धानका का एक बकरा, एक बकरी व धूणीलाल पुत्र कालूराम धानका का एक बकरा, दो हजार की नकदी व एक मोबाइल चोरी कर लिया। रविवार को ग्रामीणों ने मवेशी गायब होने व मकान का ताला टूटा देखकर विराटनगर पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पर विराटनगर थाना प्रभारी भरतमल मेहर ने मय जाब्ते मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। घटना को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त हो गया। ग्रामीणों ने पुलिस से शीघ्र घटना का राजफाश करने की मांग की।
पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी फुटेज
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना को लेकर अनेक साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। उन्होंने घटना के थोड़ी दूर स्थित एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों से भी फुटेज खंगाले।
भाबरू .लुहाकना में चोरी की घटना के खुलासे की मांग को लेकर विरोध करते ग्रामीण।
परिजनों को कमरे में बंद कर दिया घटना को अंजाम
पीड़ित रोशन ने बताया कि करीब 2 बजे चोरों ने घटना को अंजाम दिया। घटना से पहले चोरों ने अन्य दो कमरों के बाहर की कुंडी लगा दी, जिनमें परिजन सो रहे थे। चोरों की आवाज होने पर परिजन जाग गए और उन्होंने शोर शराबा मचाना शुरू कर दिया। उन्होंने दूरभाष पर पड़ोसियों को सूचना दी। पड़ोसियों ने आकर कुंडी खोली, तब तक चोर वारदात को अंजाम देकर भाग गए। लुहाकना कलां में चोरों के हौसले इतने बुलंद है कि वह लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। मुकेश कुमार सोनी के यहां तीन बार चोरी हो चुकी है। पीड़ित के 7 अक्टूबर 2013 को चोरों ने दिनदहाड़े मकान का ताला तोड़कर करीब आठ लाख के जेवरात चोरी कर लिए थे। इसी प्रकार 7 दिसंबर 2015 को चोरों ने बाइक चोरी कर ली थी। 23 दिसंबर 2017 को चोरों ने जेवरात की दुकान का ताला तोड़कर करीब 1 लाख का सामान चोरी कर लिया था। चोरों ने पास ही स्थित ओमप्रकाश की दुकान में भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन विफल रहे।
किसान नेता अर्जुन लाल मीणा, भगवत सिंह आदि ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार चोरी की वारदातें बढ़ रही है। पूर्व में भी की गई वारदातों का अभी तक खुलासा नहीं हुआ। ग्रामीणों ने लुहाकना कलां के सड़क पर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन करते हुए पुलिस से शीघ्र घटना का राजफाश करने की मांग की। शीघ्र घटना का राजफाश नहीं किया गया तो ग्रामीण धरना प्रदर्शन करने को विवश होंगे। विराटनगर थाना प्रभारी भरतमल मेहर का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है।