कस्बे के गोल्डन विंग्स एकेडमी में शनिवार को निर्मल गैस एजेंसी की ओर से विद्यार्थियों को रसोई गैस सुरक्षा के उपाय बताए । एकेडमी चेयरमैन कानसिंह मीणा ने कहा कि सभी को रसोई गैस उपयोग करते समय सुरक्षा और सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सजगता से ही हम हादसे रोक सकते हैं।
एकेडमी डायरेक्टर नवीन कुमार मीणा ने कहा कि रसोई से संबंधित हादसे लापरवाही के कारण होते हैं इसलिए हमें इसका उपयोग करते समय सजगता बरतनी चाहिए। एकेडमी प्रधानाचार्य बाबूलाल शर्मा ने कहा कि गैस उपयोग करने के बाद रात में सोते समय रेगुलेटर को बंद कर देना चाहिए। समय-समय पर एजेंसी कर्मचारियों से सिलेंडर, पाइप, रेगुलेटर व चूल्हे की जांच करवानी चाहिए। वॉइस प्रिंसिपल मनोज शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता कैलाश चंद शर्मा पापड़ी ने भी अपने विचार प्रकट करते हुए विद्यार्थी को गैस सुरक्षा के बारे में बताया।
निर्मल गैस एजेंसी के मनोज कुमार ने बताया कि गैस चूल्हे के पास खिड़की के ऊपर किसी प्रकार के पर्दे नहीं लगाने चाहिए। उपयोग करते समय गैस की गंध आने पर तुरंत रेगुलेटर को बंद कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि गैस की गंध आने पर कभी भी लाइटर, माचिस या बल्ब नहीं जलाना चाहिए। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।