पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • मैड़ पुलिस चौकी प्रभारी के तबादले के विरोध में बंद रहे मैड़ के बाजार

मैड़ पुलिस चौकी प्रभारी के तबादले के विरोध में बंद रहे मैड़ के बाजार

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कस्बे की पुलिस चौकी में नियुक्त पुलिस सब इन्सपेक्टर का महज 10 माह बाद ही पुलिस महकमे से तबादला आदेश जारी होने के विरोध में पंचायत क्षेत्र के बुधवार को सम्पूर्ण बाजार बंद रखकर लोगों ने प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे विराटनगर तहसीलदार ने लोगों को समझाइश कर मामला शांत करवाया।

ग्रामीण महेश जोशी, मनोज रातावाला ने बताया कि कुंडला क्षेत्र में विगत वर्षों में बढ़ते अपराधों को देखकर ग्रामीणों की मांग पर पुलिस मुहाने पर पुलिस सब इंस्पेक्टर की नियुक्ति की गई थी। सुभाष चंद्र चौधरी को नियुक्त कर प्रभारी लगाया गया। पुलिस अधिकारी ने अपने कुशल नेतृत्व, दबंगता, शालीनता से अपराधियों में एकाएक भय का माहौल बनाकर कुंडला क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर पूरी तरह से नियंत्रण किया। इसके चलते सम्पूर्ण इलाके में बढ़ते अपराधों में कमी आई थी। इससे लोग अपने आपको ज्यादा महफूज समझने लगे। वहीं रात्रिकालीन गश्त से लोग अमन चैन की नींद सोने लगे। लेकिन महज दस माह के दरमियान ही पुलिस महकमे ने ऐसे दबंग पुलिस अधिकारी का तबादला आदेश दौसा रेंज में जारी कर स्थानीय क्षेत्र के लिए नियुक्त ऐसे कुशल अधिकारी से विहीन कर दिया। इससे खफा होकर ग्रामीणों ने स्थानीय पंचायत क्षेत्र के समस्त बाजार बंद कर पांच घंटे से अधिक धरना देकर विरोध जताया। लोगों ने उच्चाधिाकरियों के नाम तहसीलदार मुकुटसिंह को ज्ञापन भी दिया।

कुंडला क्षेत्र के किसान भी तबादले के विरोध में

भारतीय किसान संघ के जिला उपाध्यक्ष डालचंद गुर्जर, मालीराम मीणा, भोलाराम मीणा, गुलाब चंद खींची ने बताया कि जब से पुलिस चौकी में थानेदार की नियुक्ति हुई तब से मैड़ अस्थायी सब्जी मंडी में आने वाले वाहनों से लगने वाले जाम से संभवतया पहली बार निजात मिली है। हर समय स्वयं पुलिस अधिकारी तैनात रहकर मंडी में पहुंचने वाले वाहनों सहित बेतरतीब खड़े करने वाले वाहनों को कतार बद्ध व्यवस्थित कर आमलोगों को आवागमन में सहुलियत मुनासिब करवाते रहे है। इसके चलते कुंडला का किसान मंडी में आसानी से आवाजाही करने लगा है। चौकी पर अधिकारी के रहने से मैड़ कस्बे से होकर प्रतापगढ़, दौसा, अलवर, जयपुर, थानागाजी सहित अनेक स्थानों पर जाने वाले वाहन सुगमता से निकलते रहते है। चोरों के हौसले इस कदर बुलंद थे कि बेखौफ होकर रात्रि के समय चोरी की घटनाओं को धड़ल्ले से अंजाम देते थे लेकिन पुलिस चौकी पर तैनात अधिकारी के आने के बाद खुद रात्रि को गश्त कर चोरों के मनसुबे विफल करने में सक्षम रहे।

मैड. पुलिस चौकी प्रभारी के तबादले के विरोध में बंद पड़े बाजार।

गांव-ढाणियों की महिलाएं अपने आप को ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रही है

जिला परिषद सदस्या खामोश देवी गुर्जर, पूर्व सरपंच तोफली देवी मेहरा, शर्मिला धानका, अनिता मोदी, सुधा भामोदिया ने बताया कि जब से पुलिस चौकी मुख्यालय पर पुलिस विभाग ने अधिकारी को नियुक्त किया। तब से कुंडला क्षेत्र के गांव-ढाणियों की महिलाएं अपने आप को ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रही है। राधेश्याम मित्तल, पूर्व सरपंच रामेश्वर सैनी, सोणीलाल नागर, गोपाल फागणा, गैंदालाल भार्गव ने बताया कि पुलिस अधिकारी के रहने से क्षेत्र के अपराधियों में जहां पूरी तरह भय का माहौल बना हुआ है। वहीं कुंडला वासियों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा हुआ है। इसके चलते कुंडला इलाके में अपराधों पर विराम लगा हुआ है।

मैड़ चौकी पर लगाया गया नया उपनिरीक्षक

चौकी प्रभारी का तबादला पुलिस विभाग ने किया है। नव नियुक्त धीरेंद्रसिंह को मैड़ चौकी प्रभारी लगाया जा चुका है। -जय प्रकाश बेनीवाल, थाना प्रभारी विराटनगर

खबरें और भी हैं...