दो परिवारों की झोपड़ी में लगी आग, हजारों का नुकसान
वीरपुर कस्बे के मजरा सहराना में ताल के पास शनिवार को आग लगने से दो गरीब परिवार की गृहस्थी बर्बाद हो गई। पड़ोसियों की मदद से आग बुझाने के बाद पटवारी ने मौके पर जाकर आग से 55 हजार रुपए नुकसान का आकलन किया है।
वीरपुर कस्बे के मजरा सहराना में घटना शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे की है। जब वेजयंती जाटव ओर श्रीलाल मल्लाह के परिवार के लोग काम पर गए थे, तभी पीछे से कच्ची झोंपड़ी में आग लग गई। आसपास मौजूद लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन हवा का साथ पाकर लकड़ी व घांसफूस की बनी हुई दोनों झोंपड़ी में देखते ही देखते आग लपटे उठने लगी। करीब दो घंटे मशक्कत के बाद आग बुझाई गई। आग लगने के कारण अपने घर में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर, बर्तन आदि सामान जल गया। आग लगने के कारण का खुलासा नहीं हो सका है। सूचना प र वीरपुर पुलिस और पटवारी मौके पर पहुंचे। पटवारी ने आग लगने से वेजयंती बेवा प्रभुलाल जाटव को सबसे ज्यादा 55 हजार रुपए का नुकसान होने का अनुमान लगाया है। जबकि श्रीलाल मल्लाह की कच्ची झोंपड़ी में घासफूस जला है। पटवारी ने मौके पर पंचनामा बनाने के बाद अग्निपीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता के लिए प्रकरण जिला प्रशासन को भेजने का भरोसा दिलाया है।
वीरपुर कस्बे में झोपड़ी में आग लगने के बाद बर्तन आदि समेटते परिजन।