वीरपुर | समीपस्थ ग्राम श्यामपुर में पंचायत की ओर से सफाई व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। मेन बाजार सहित अधिकांश गली मोहल्लों में नियमित सफाई नहीं होने से फैली गंदगी को लेकर कस्बेवासियों में पंचायत प्रशासन के प्रति रोष है। स्थानीय निवासी सतीश मिश्रा, हरिनिवास पाराशर, महेश शर्मा, प्रहलाद रावत, बबलू शर्मा, रामसिंह रावत, दिवारीलाल रावत, बनवारी रावत, राधेश्याम रावत ने बताया कि कस्बे में कई मोहल्ले ऐसे हैं जहां महीनों से सफाई नहीं हो रही है। कई बार सरपंच व सचिव को स्थिति से अवगत कराने के बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं दिखा है।कस्बे में रिहायशी बस्ती और आमरास्तों पर कचरे के ढेरों से लोगों को रूबरू होना पड़ता है।