नप के रेहला थाना अंतर्गत रेहला-बीमोड़ के बीच डंडीला ग्राम के समीप एनएच 75 पथ पर रविवार सुबह मोटरसाइकिल से गिरकर 50 वर्षीय महिला देवकलिया देवी की मौत हो गई। वह एक अनजाने युवक के द्वारा लिफ्ट देने पर बजाज पल्सर बाइक पर बैठकर पास के वार्ड दो अंतर्गत रक्साहा ग्राम स्थित अपनी ब्याहता बेटी से मिलने जा रही थी।
मृतका देवकलिया देवी 50 वर्ष अपनी 15 वर्षीया बेटी सरस्वती कुमारी के साथ अपने चैनपुर प्रखंड स्थित कल्याणपुर गांव से डालटनगंज से जीडीआर बरवाडीह-डेहरी पैसेंजर से गढ़वा रोड सुबह में आयी थी। यहां रेहला में उसने बेटी के लिए साड़ी व मिठाई खरीद कर पैदल ही तीन किमी दूर ब्याहता बेटी सविता देवी के घर जा रही थी। इसी क्रम में पल्सर चालक अज्ञात युवक ने मां-बेटी को गांव तक ले जाने की बात कहकर बाइक पर बिठा लिया, लेकिन थोड़ी ही आगे डंडीलाकला ग्राम के समीप बकरी को बचाने के क्रम में सबसे पीछे बैठी देवकलिया मोटरसाइकिल से गिर कर गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
उसे स्थानीय लोगों के सहयोग से विश्रामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिए। उधर इस दुर्घटना के बाद युवक बाइक लेकर फरार हो गया। इधर महिला की मौत की सूचना पाकर उसकी बेटी सुनीता देवी व दामाद अजय चौधरी सहित अन्य परिवार के सदस्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां से मृतका को एंबुलेंस से रेहला थाना के सअनि भासो रजक ने पंचनामा कर शव को सदर अस्पताल, मेदिनीनगर अंत्यपरीक्षण हेतु भेज दिया। रेहला थाना प्रभारी नूतन मोदी ने बताया कि पल्सर चालक युवक की खोजबीन की जा रही है।
अस्पताल में विलाप करती परिजन महिलाएं