विश्रामपुर| पूरे प्रदेश में संविलियन की मांग को शासन तक प्रभावी रूप से पहुंचने के लिए प्रदेशस्तर पर शिक्षाकर्मियों द्वारा नए- नए नवाचार किए जा रहे हैं। शिक्षक पंचायत नगरीय निकाय मोर्चा के प्रांत संचालक संजय शर्मा के आह्वान पर अरविंद सिंह की उपस्थिति में नगर के बस स्टैंड में छत्तीसगढ़ पंचायत नगरीय निकाय शिक्षक संघ के जिला महामंत्री गौरी शंकर पांडेय एवं ब्लाक अध्यक्ष अजय गोस्वामी द्वारा संविलियन चाय पर चर्चा का फेसबुक पर लाइव आयोजन किया गया। प्रदेशभर से शिक्षाकर्मियों ने अपनी- अपनी समस्याओं को शेयर कर संविलियन की मांग फेसबुक पर बुलंद करना शुरू कर दिया। मोर्चा के जिला संचालक अजय सिंह ने कहा जब तक हमारी एकमात्र मांग संविलियन को शासन द्वारा मान नहीं लिया जाता तबतक हम रोज इसी तरह अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाते रहेंगे।गौरी शंकर पांडेय ने वर्ग 3 के शिक्षाकर्मियों को क्रमोन्नत वेतनमान देकर उनके संविलियन करने की मांग रखी। इस अवसर पर शिक्षाकर्मियों ने संविलियन के अतिरिक्त अपनी सेवापुस्तिका, चिकित्सा अवकाश की स्वीकृति न होने और समय पर वेतन न मिलने सहित अन्य समस्याओं पर अपनी बात रखी जिसपर मोर्चा के पदाधिकारियों द्वारा समस्याओं को दूर करने आवश्यक कदम उठाने हेतु भरोसा दिलाया।