सोमवार को बिलासपुर में पंचकूला के बिजनेसमैन प्रदीप कुमार को गोली मारने वाले चोरी की बाइक पर आए थे। यह बाइक अम्बाला रोटरी अस्पताल के बाहर से साल 2016 में चोरी हुई थी। बाइक गांव बिहटा निवासी विनोद के नाम पर है। पुलिस ने जब बिहटा निवासी विनोद से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसकी बाइक 2016 से चोरी है। चोरी की बाइक होने से पुलिस का यह शक और भी गहरा हो गया है कि इस केस में जरूर सुपारी दी गई है और बदमाश प्रोफेशनल हैं। हालांकि घटना के तीन दिन बाद भी यह साफ नहीं हो पाया कि गोली मारने वाले कौन थे और किसने उन्हें भेजा था। पुलिस ने इस मामले में नामजद बाप-बेटों से पूछताछ की, लेकिन अभी तक की पूछताछ में यह साफ नहीं हो पाया कि यह काम उन्होंने ही कराया है। बिलासपुर थाना प्रभारी गुरमेल सिंह ने बताया कि नामजद आरोपियों से पूछताछ चल रही है।
संदीप कुमार ने बताया कि सोमवार को करीब पौने आठ बजे वे जमीन की पैमाइश कराकर जैसे ही कार में बैठने लगेे तो बाइक पर दो युवक आए। आते ही उन्होंने उसकी कनपटी पर पिस्तौल रख दी। इसी दौरान भाई प्रदीप ने उन्हें रोका तो फायरिंग कर दी। संदीप ने बताया कि जैसे ही बदमाश ने गोली चलाई तो उन्होंने पिस्तौल पकड़ ली। इसी दौरान उसकी पिस्तौल से मैगजीन निकल गई। इसलिए वे ज्यादा फायरिंग नहीं कर पाए, लेकिन शुरू में ही वे उसके भाई प्रदीप के पेट में गोली मार चुके थे। हाथापाई के बाद बदमाश मौके पर ही बाइक छोड़कर फरार हो गए थे। उनका कहना है कि रोशनलाल के साथ उनका विवाद चल रहा है।
पिस्तौल की मैगजीन निकलने से एक ही गोली मार पाए थे
यमुनानगर | बिलासपुर रोड पर बदमाशों से छीनी पिस्टल की मैगजीन
यह था मामला
पंचकूला के सेक्टर-12 निवासी संदीप कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि था कि बिलासपुर में अस्तबली पीर की मजार के पास उनकी छह कनाल जमीन है। निशानदेही करवाने के बाद वे अपने भाई प्रदीप व मनीष के साथ कार में बैठने ही वाले थे कि बिना नंबर की बाइक पर आए दो युवकों ने उन पर गोली दाग दी। संदीप का कहना है कि उनका रोशन लाल, उसके बेटे कपिल, दीक्षित व एस बक्सी के साथ जमीन का विवाद चल रहा है। पुलिस ने चारों पर केस दर्ज किया।